भोपाल में भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर गहमागहमी

  • Follow Newsd Hindi On  

 भोपाल, 10 (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक यहां पार्टी कार्यालय में शुरू होने वाली है।

 इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए विधायकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। राज्य में कांग्रेस के 19 विधायकों के इस्तीफे के बाद से सरकार संकट में हैं। इससे सरकार के अल्पमत में आने की बात कही जा रही है। आगामी रणनीति क्या है, इस पर मंथन के लिए भाजपा विधायकों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में हिस्सा लेने भाजपा विधायक पार्टी दफ्तर पहुंच रहे हैं। बैठक शाम सात बजे शुरू होने वाली थी, मगर देरी हो रही है।


इस बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे सहित केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित कई प्रमुख नेता भी मौजूद रह सकते हैं।

भाजपा नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का दावा है कि इस बैठक में विधायक नारायण त्रिपाठी के अलावा अन्य सभी 106 विधायक उपस्थित रहेंगे। त्रिपाठी की माता जी का सोमवार को ही निधन हुआ है।

भाजपा के प्रदेश दफ्तर में सुबह पार्टी के तमाम बड़े नेताओं की बैठक हुई थी। इस बैठक में विनय सहस्त्रबुद्घे, प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा, पूर्व मुख्मयंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मौजूद रहे। इस बैठक में वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा हो रही है, साथ ही आगामी रणनीति पर विचार हो रहा है।


भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा है, “भारतीय जनता पार्टी का कांग्रेस में चल रहे घमासान से कोई लेना देना नहीं है, कांग्रेस में जो हो रहा है वह उनका अंदुरूनी मामला है। जहां तक सिंधिया का मामला है, वह उनसे ही पूछें।”

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)