बिहार भाजपा के सभी छोटे-बड़े नेता दिल्ली में कर रहे प्रचार

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘बिहारी वोटर’ तुरुप का पत्ता साबित हो रहे हैं। भाजपा की नजर इन वोटरों पर है। लिहाजा, भाजपा हाईकमान ने बिहार के सभी प्रमुख नेताओं के साथ-साथ छोटे नेताओं को भी दिल्ली में बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है। पार्टी ने विधानसभा वार बिहारी नेताओं की टीम बनाई है जो घर-घर जाकर प्रचार कर रही है। पार्टी की कार्ययोजना है कि चुनाव के पहले तक हर बिहारी तक उसकी पहुंच हो जाए और कोई व्यक्ति छूटे नहीं। केंद्रीय नेतृत्व खुद बिहारी वोटरों को लेकर बेहद सतर्क है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अमित शाह और जेपी नड्डा की सभा से भी बिहारियों को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है।


उधर, केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद प्रदेश भाजपा की पूरी टीम दिल्ली में कैम्प कर रही है। लगभग बिहार भाजपा के 40 विधायक दिल्ली में कैम्प कर रहे हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश इकाई ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश इकाई ने दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है।

पार्टी का लक्ष्य दिल्ली में पूर्वांचल के अधिक से अधिक लोगों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाने का है। मुख्य लक्ष्य बिहारी कालोनियों में लोगों से वन-टू-वन मुलाकात करने का है।


उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पिछले एक पखवाड़े से दिल्ली में जमे हैं। मंत्री मंगल पांडेय, राणा रणधीर, संजय मयूख, संजीव चौरसिया, सुशील चौधरी, राधामोहन शर्मा, संजय टाइगर, प्रेमरंजन पटेल, अमिता भूषण, पंकज कुमार सिंह, संतोष कुमार, प्रवीण चंद्र राय दिल्ली में पार्टी के पक्ष में सभा से लेकर जनसंपर्कअभियान में जुटे हैं।

बिहार भाजपा के सारे सांसद और प्रमुख नेता दिल्ली में पहले से ही प्रचार कर रहे हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)