बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र पंचतत्व में विलीन

  • Follow Newsd Hindi On  

सुपौल, 21 अगस्त (आईएएनएस)| बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र का पार्थिव शरीर बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बुधवार को उनके पैतृक गांव सुपौल जिले के बलुआ बाजार में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। डॉ. मिश्र के बड़े बेटे संजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण और जवानों की सलामी के बीच अपराह्न् करीब तीन बजे उन्हें मुखाग्नि दी।

मुखाग्नि से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी सहित अन्य मंत्री, सांसद और विधायकों ने पुष्पांजलि देकर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मिश्र को श्रद्घांजलि अर्पित की।


उधर, पूर्व मुख्यमंत्री के अंत्येष्टि को लेकर काफी संख्या में लोग जुटे हुए थे। बड़ी संख्या में लोग अपने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक आवास पर पहुंचे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ़ मिश्र का पार्थिव शरीर पटना से सड़क मार्ग के रास्ते दोपहर बलुआ बाजार पहुंचा। पार्थव शरीर के पहुंचते ही ‘जगन्नाथ बाबू अमर रहे’, ‘डॉ़ साहब अमर रहे’ के नारे गूंजने लगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री मिश्रा का लंबी बीमारी के बाद 19 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर पटना लाया गया था, तथा उसे विधानसभा परिसर में रखा गया, जहां लोगों ने उन्हें श्रद्घांजलि दी। इसके बाद जगन्नाथ मिश्र को राजधानी पटना स्थित आवास ले जाया गया था।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)