बिहार: किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस ने निकाला राजभवन मार्च, प्रशासन ने रोका

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)। नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली के बाहर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में तथा पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के विरोध में बिहार कांग्रेस ने शुकवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला। प्रदेश कार्यालय से निकले इस मार्च को प्रशसन ने राजापुर पुल के पास ही रोक दिया गया।

भाजपा की केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर निकाले गए इस राजभवन मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थकों को पटना प्रशासन ने राजापुर पुल के पास आगे बढ़ने से रोक दिया।


इस दौरान प्रशासन को कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस नेता लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे थे।

किसान अधिकार दिवस के तौर पर इस विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर ने किया।

कांग्रेस नेता राजापुर पुल के पास ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान आंदोलन के 51 दिन पूरा होने के बाद भी किसानों की समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है।


इस मार्च में भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. शकील अहमद खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)