बिहार में महागठबंधन ने 5 और उम्मदवारों की घोषणा की

  • Follow Newsd Hindi On  

 पटना, 24 मार्च (आईएएनएस)| बिहार में विपक्षी महागठबंधन ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को पांच और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। प्रदेश की 40 लोकसभा सीटों में से महागठबंधन ने अब तक नौ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।

  राष्ट्रीय जनता दल ने अपने मौजूदा सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को भागलपुर से और जय प्रकाश नारायण को बांका संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है।


कांग्रेस ने उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को पूर्णिया से उम्मीदवार बनाया है। सिंह दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस ने पार्टी विधायक जावेद आलम को किशनगंज से और तारिक अनवर को कटिहार से चुनाव मैदान में उतारा है।

अनवर पिछला चुनाव कटिहार से ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के टिकट पर जीते थे। वह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने इसे ‘घर वापसी’ बताया है।

कांग्रेस ने वर्ष 2014 में किशनगंज लोकसभा सीट जीती थी, लेकिन सांसद मौलाना असरारुल हक का कुछ महीने पहले निधन हो गया।


महागठबंधन ने पिछले शुक्रवार को बिहार में सीटों के बंटवारे का ऐलान किया। इसके मुताबिक, राजद प्रदेश में 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जबकि कांग्रेस नौ सीटों पर। बाकी सीटों पर उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और महागठबंधन में शामिल अन्य दल अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)