बिहार में सीट बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करें कांग्रेस : राजद

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 12 मार्च (आईएएनएस)| बिहार में विपक्षी दलों के ‘महागठबंधन’ में अभी तक सीट बंटवारे को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को जल्द से जल्द सीट बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

राजद के वरिष्ठ नेता और उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “बिहार में राजद का सबसे बड़ा जनाधार है और राजद चुनाव में उतरने के लिए किसी की मोहताज नहीं है।”


उन्होंने पूछा, “कांग्रेस को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से लड़ना है या वैसे ही दलों से लड़ना है कि जो राजग के खिलाफ लड़ रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी (आप) सीट बंटवारे को लेकर समझौता करने के लिए कोशिश करती रही लेकिन कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस ने कई सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

तिवारी ने कहा कि बिहार में ऐसी स्थिति नहीं न हो, इसके लिए कांग्रेस को जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है, उसकी जवाबदेही सबसे ज्यादा है और उसे सभी दलों को साथ लेकर चलना चाहिए।


बिहार महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)