बिहार में सरकार के अपनों ने उठाया कानून व्यवस्था पर सवाल

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक ओर जहां विपक्ष सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं चूक रही है वहीं शुक्रवार को सरकार के अपनों ने ही कानून व्यवस्था पर सवाल उठा दिया है। कानून व्यवस्था की हालत पर चिंता प्रकट करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने अपनी ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार को घेरा है।

उन्होंने राज्य के पूर्वी चंपारण जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस मामले में पुलिस महानिदेशक से मिलेंगे।


डॉ. संजय जायसवाल ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट कर लिखा कि वे शुक्रवार को बेतिया से पटना की यात्रा पर हैं। रास्ते में पूर्वी चंपारण के सेमरा में जनता ने सड़क जाम कर दिया था। पता चला कि वहां आए दिन चोरियां हो रही हैं।

उन्होंने आगे लिखा, आज गांव वालों ने चोर को पकड़ने की कोशिश की तो वह अपनी बाइक छोड़कर भागने में सफल रहा। स्थानीय तुरकौलिया थाना प्रभारी को फोन करने पर वह उल्टे गांव वालों को धमकाने लगा कि पुलिस आई तो उन्हें ही गिरफ्तार करेगी।

बिहार भाजपा प्रमुख ने आगे लिखा, पूर्वी चंपारण के थानों में अव्यवस्था के हालात हैं। रक्सौल से लेकर मोतिहारी तक लगातार अपराध की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।


डॉ. जायसवाल ले आगे लिखा है कि वे पटना पहुंचने पर खुद पुलिस महानिदेशक से मिलकर पूर्वी चंपारण की कानून व्यवस्था के बारे में बात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि विपक्ष लगातार कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साध रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)