बिहार : मुख्यमंत्री ने मानव श्रंखला की तैयारियों की समीक्षा की

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 14 जनवरी (आईएएनएस)| बिहार में जल-जीवन-हरियाली अभियान, शराबबंदी एवं नशाबंदी के पक्ष में तथा बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ 19 जनवरी को बनने वाली मानव श्रंखला के निर्माण की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के प्रमण्डलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी जुड़े हुए थे।

समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आऱ क़े महाजन ने पत्रकारों से कहा कि मानव श्रंखला लगभग 16351 किलोमीटर लंबी बनाई जाएगी। अनुमान है कि इसमें तकरीबन चार करोड़ 27 लाख लोग शामिल हो सकते हैं। राज्य में 5052 किलोमीटर मुख्य सड़क पर मानव श्रंखला बनाई जाएगी। वहीं उपमार्गो के हिसाब से यह तकरीबन 11299 किलोमीटर लंबी होगी।


पटना में गांधी मैदान से मानव श्रंखला के प्रस्थान बिन्दु की तैयारी की गई है। गांधी मैदान से चारों दिशाओं में मानव श्रंखला का प्रस्थान होगा, जो एक-दूसरे से जुड़ते हुए राज्य के सभी जिले आपस में श्रंखलाबद्घ होंगे। इस बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारियों ने मानव श्रंखला के मार्ग, वातावरण निर्माण से संबंधित किए जा रहे कार्य एवं मानव श्रंखला में शामिल होने वालों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि “19 जनवरी, 2020 को बनने वाली मानव श्रंखला लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रदर्शित करेगी। जलवायु में हो रहे परिवर्तन के प्रति लोग अपनी सजगता दिखाने के लिए एकजुट होकर मानव श्रंखला बना रहे हैं। गरीब राज्य और इतनी घनी आबादी होने के बावजूद यहां मानव श्रंखला बनानी बड़ी बात है।”

उन्होंने कहा कि “पर्यावरण के प्रति यहां के लोगों की यह कोशिश है, जो बहुत बड़ी श्रंखला के रूप में दिखेगी। यह मानव श्रंखला पर्यावरण के लिहाज से बहुत बड़ा रिकॉर्ड होगा।”


उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पदाधिकारियों को हर बिंदु का ठीक से आंकलन करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मार्ग पर ‘हैवी ट्रैफिक’ रहता है, इसलिए वहां पर मानव श्रंखला के भागीदारों की सुरक्षा का ख्याल रखें।

उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता में रखा जाए।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)