‘बिम्सटेक बंदरगाह’ सम्मेलन का उद्घाटन गुरुवार को

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)| केंद्रीय जहाजरानी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख मंडाविया आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गुरुवार को पहले ‘बिम्सटेक बंदरगाह’ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन 7-8 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में आयात-निर्यात तथा तटीय जहाजरानी को प्रोत्साहित कर आर्थिक सहयोग बढ़ाने की संभावना का पता लगाया जाएगा। बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (बिम्सटेक) एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है, जिसमें दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के देश, भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, श्रीलंका, थाईलैंड, भूटान और नेपाल शामिल हैं। सम्मेलन में इन देशों के क्षेत्रीय बंदरगाहों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

जहाजरानी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सम्मेलन में विभिन्न निवेश के अवसरों और बंदरगाहों पर उत्पादकता और सुरक्षा के लिए अपनाए गए बेहतरीन तौर-तरीकों पर भी चर्चा की जाएगी। सभी सात सदस्य देशों के बंदरगाह क्षेत्र के साथ-साथ व्यापार और विभिन्न जहाजरानी संघों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लेंगे।


सम्मेलन के दौरान पांच सत्र होंगे। पहला सत्र बंदरगाहों पर आधारित औद्योगिक और पर्यटन विकास पर होगा। इस सत्र का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहित करने और बंदरगाहों के करीब औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने पर चर्चा करना है। बिम्सटेक राष्ट्रों की विविध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत इसे पर्यटन के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है, जिसमें जहाजों के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने में बंदरगाहों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

पहले दिन ‘सुरक्षित और संरक्षित बंदरगाह’ विषय पर सत्र होगा। इस सत्र का उद्देश्य उभरते खतरों और सुरक्षा खतरों पर चर्चा करना है, क्योंकि बंदरगाहों से न केवल महत्वपूर्ण व्यावसायिक हित जुड़े होते हैं, बल्कि यह रणनीतिक रूप से देश की महत्वपूर्ण संपत्ति भी है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)