छग : पुरातत्व की मंथरा आरएसएस और कैकेई भाजपा : सिंघवी

  • Follow Newsd Hindi On  

रायपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस/वीएनएस)। छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने रविवार को राम मंदिर के सवाल पर कहा कि पुरातत्व की मंथरा आरएसएस और कैकेई भाजपा है। आज की इस मंथरा-कैकेई की जोड़ी ने भगवान को 30 वर्षो का वनवास दे रखा है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से मुखातिब सिंघवी ने कहा, “ये लोग हर चुनाव से पहले भगवान को बाहर लाते हैं और चुनाव के बाद भगवान को वापस ले जाते हैं। भगवान राम हमारे रोम रोम में बसते हैं। हम धर्म की राजनीति नहीं करते।”


उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से कई सालों से जुमले सुने जा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के राज में पुत्र का विकास और जनता का विनाश हुआ है। दुर्भाग्य है कि देश और प्रदेश का कि अच्छे दिन का मॉडल पुत्रों के लिए हैं, देश की जनता के लिए नहीं।

सिंघवी ने कहा, “हम अमित शाह से कहना चाहते हैं कि जुमलों से काम नहीं चलेगा, जनता को जवाब देना होगा, हिसाब देना होगा।”

वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनावी सभा के लिए अमित शाह छत्तीसगढ़ में भ्रमण पर आए हैं। उनसे कहना चाहते हैं कि भ्रमण और चुनाव प्रचार से काम नहीं चलेगा। प्रचार के पहले शाह-सिंह की जोड़ी को जनहिसाब सम्मेलन करना चाहिए था। देश विकास के जय की प्रतीक्षा कर रहा है और यहां जय का विकास हो रहा है।


उन्होंने कहा, “शाह-सिंह की जोड़ी को छत्तीसगढ़ के बेबस किसान, हताश व्यापारी, निराश जनता के समक्ष जाना चाहिए। पुत्रों के लिए जादू, गरीबी, बेरोजगारी और मंदी बेकाबू। यह कहां का न्याय है कि बुलेट ट्रेन पर सवार होकर पुत्र आगे बढ़ रहे हैं और महंगाई की बैलगाड़ी पर जनता चल रही है। ये जनसेवक नहीं मुनाफा सेवक हैं।”

सिंघवी ने कहा कि दोनों से अनुरोध है कि मुनाफे का जादुई मॉडल विकास के लिए, व्यवसाय के लिए किसानों के लिए बताएं। नोटबंदी, पकौड़े वाली बेरोजगारी से त्रस्त जनता जादुई फार्मूला ढूंढ़ रही है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)