सपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में हुए भर्ती

  • Follow Newsd Hindi On  
सपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की तबीयत खराब, अस्पताल में हुए भर्ती

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद बेनी प्रसाद वर्मा की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालाँकि उन्हें क्या तकलीफ है अभी तक इस बात की जानकारी नहीं सामने आई है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बेनी प्रसाद वर्मा अक्सर अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं। अभी तीन साल पहले ही वह कांग्रेस पार्टी को छोड़कर सपा में फिर से शामिल हुए हैं। बता दें, कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें मनमोहन सरकार में मंत्री भी बनाया था। इसके अलावा वे अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य भी रहे। समाजवादी पार्टी का दामन थामने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा।


मुलायम के करीबी रहे बेनी प्रसाद वर्मा

बेनी प्रसाद वर्मा को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह का करीबी माना जाता है। उनका नाम सपा के उन पुराने नेताओं में लिया जाता है जिन्होंने पार्टी की बुनियाद रखी थी। बेनी प्रसाद वर्मा मुलायम सिंह की सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री भी रहे थे। लेकिन बेनी प्रसाद वर्मा साल 2006-07 में पार्टी को छोड़ गए थे।

उस समय पहले उन्होंने क्रांति दल बनाया फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। तब उन्होंने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठाए थे। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में गोंडा संसदीय सीट से चुनाव भी लड़ा था, लेकिन वह बीजेपी के कीर्तिवर्धन सिंह से हार गए थे।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)