दिल्ली : अमोनिया की मात्रा घटने पर जलापूर्ति बहाल

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने पानी में अमोनिया का स्तर दोबारा बढ़ने से जलापूर्ति प्रभावित होने पर दिल्ली जल बोर्ड के सोनिया विहार और भागीरथी संयंत्र का दौरा किया। इन संयंत्रों से पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और एनडीएमसी के कई इलाकों और दक्षिणी दिल्ली में पानी की सप्लाई की जाती है। जल संयंत्र का काम 70-80 प्रतिशत क्षमता के साथ दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

जल बोर्ड ने पानी में अमोनिया के बढ़े हुए स्तर की जानकारी देते हुए कहा, फिलहाल अमोनिया 1.7 पीपीएम से 1.9 पीपीएम (पार्ट्स प्रति मिलियन) के बीच है। शुक्रवार को अमोनिया का स्तर 3.5 पीपीएम तक चला गया था, जो कि बहुत ही ज्यादा खराब स्तर माना जाता है। अमोनिया का स्तर काफी ज्यादा बढ़ने की वजह से शुक्रवार को सोनिया विहार और भागीरथी प्लांट बंद करना पड़ा था।


जल बोर्ड के उपाध्यक्ष ने सोनिया विहार प्लांट पर वरिष्ठ अधिकारियों और चीफ इंजीनियर (वॉटर) के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। सोनिया विहार और भागीरथी प्लांट में दोबारा पूरी क्षमता के साथ काम शुरू करने को कहा गया।

डीजेबी उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा, हर व्यक्ति को 24 घंटे पानी देने के सपने को हकीकत में बदलना है। ऐसे मुश्किल समय में भी हमें इस लक्ष्य को पाने के लिए काम करना होगा। मैं यहां सोनिया विहार प्लांट पर खुद आया हूं। इस प्लांट की क्षमता 140 एमजीडी है और मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि यह प्लांट अब दोबारा 70-80 प्रतिशत क्षमता के साथ काम कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि कुछ घंटों में यह प्लांट 100 प्रतिशत क्षमता पर दोबारा काम करना शुरू करने लगेगा।

चड्ढा ने कहा, मैंने इसके लिए संबंधित अधिकारियों और चीफ इंजीनियर (वॉटर) से मुलाकात की है, ये सभी लोग लगातार काम कर रहे हैं, ताकि प्रभावित इलाकों में पानी की सप्लाई को जल्द ठीक किया जा सके।


इसके पहले राघव ने पानी में बढ़े अमोनिया के कारणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, दिल्ली को पानी के लिए पड़ोसी राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता है। दिल्ली में गंगा, यमुना और व्यास नदी से पानी आता है। यमुना का पानी हरियाणा से और गंगा का पानी उत्तर प्रदेश से आता है। सालाना मेंटेनेंस की वजह से गंगा नदी का पानी जो उत्तर प्रदेश से आता है, वो बंद हो गया और ऐसा हर साल अक्टूबर महीने में होता है। दुर्भाग्यवश इस बार इस मेंटेनेंस के काम के साथ हरियाणा से दिल्ली में आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ने की घटना भी हो गई।

पानी में बढ़े अमोनिया को ठीक करने के लिए 2 बड़े प्लांट सोनिया विहार और भागीरथी प्लांट को बंद करना पड़ा था। इन दोनों प्लांटों की क्षमता कुल मिलाकर 250 एमजीडी है और इन प्लांटों से पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली में पानी की सप्लाई होती है।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)