दिल्ली मेट्रो रेल कर्मचारी ने फेसबुक पर अपलोड किया आत्महत्या का लाइव वीडियो

  • Follow Newsd Hindi On  

 दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)| दिल्ली में एक युवक ने लाइव-आत्महत्या का वीडियो फेसबुक पर अपलोड करके पुलिस की नींद उड़ा दी। युवक दिल्ली मेट्रो रेल कर्मचारी था। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक देर हो चुकी थी।

 युवका का नाम शुभांकर चक्रवर्ती (27) है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को एक युवक ने सूचना दी कि उसके दोस्त ने खुद के सुसाइड का लाइव वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया है। सूचना पर पुलिस शाहदरा तेलीबाड़ा पहुंची। वहां सूचना देने वाला लड़का सूर्यकांत दास मिला। पुलिस ने जब कमरा खोल कर देखा तो अंदर शुभांकर की लाश मिली।


पुलिस के मुताबिक, शुभांकर मूलत: 24 उत्तरी परगना, कल्यानग्राम पलटा का रहने वाला था। जिस मकान में उसने आत्महत्या की, वहां वह दो महीने से किराये पर रह रहा था। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुभांकर के दोस्त सूर्यकांत ने पुलिस को बताया कि उसे सुबह करीब 8 बजे उसके दोस्त आकाश ने बताया था कि उसने मोबाइल पर शुभांकर को लाइव सुसाइड करते हुए वीडियो देखा है। सूर्यकांत ने दोस्त राजेंद्र ओझा को यह सूचना दे दी।

राजेंद्र ओझा और सूर्यकांत मौके पर पहुंचे तो शुभांकर का कमरा अंदर से बंद था। तब तक मगर देर हो चुकी थी। शुभांकर सुसाइड कर चुका था।

मामले की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, शुभांकर पिछले दो-तीन महीनों से दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन में नौकरी कर रहा था। शुभांकर की एक बहन है। शुभांकर की मां की 16 साल पहले मृत्यु हो गई थी। शुभांकर परिवार में अकेला लड़का था।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)