Uttar Pradesh: भाव नहीं मिलने से निराश किसान ने सड़क पर फेंके कई क्विंटल गोभी, लोगों में मची लूटने की होड़

  • Follow Newsd Hindi On  

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पीलीभीत में गोभी की बिक्री न होने से परेशान होकर किसान ने सड़क पर कई क्विंटल गोभी फेंक दी। लोगों  ने उस परेशान किसान (Troubled farmer)  को ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसने कहा कि जब भाव मिल ही नहीं रहे हैं तो फिर क्या फायदा। उसने लगभग 10 क्विंटल गोभी सड़क पर ही फेंक दी। सड़क पर गोभी लूटने के लिए लोगों होड़ मच गई। किसी ने थैले में गोभी-भरी तो किसी ने गमछे में बांध ली।

यह जहानाबाद क्षेत्र के कस्बा नई बस्ती का मामला है। यहां के एक किसान सलीम ने अपनी तीन बीघा जमीन पर सब्जियां उगाई थी। वह पिछले काफी समय से अपने खेत पर सब्जियां उगा रहे हैं। सलीम के मुताबिक अबकी बार भी उन्होंने अपने तीन बीघा खेत में फूल गोभी बोई थी। इससे गोभी के लगभग पांच हजार पौधे तैयार हुए।


जो लगभग 10 क्विंटल है। जब वह गोभी बेचने जहानाबाद कस्बे की मंडी में गए तो उन्हें सही भाव नहीं मिले। इसके बाद वह मंडी समिति पीलीभीत आए, यहां भी उसको एक रुपये किलो के हिसाब से भाव बोला गया।

मीडिया रिपोर्ट्स की मुताबिक वह कई दिन तक मंडी समिति के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी गोभी नहीं बिकी। इतना ही नहीं किसान का डीजल आदि का रुपया भी खर्च हो गया। खेत में हुए कार्य का लेबर चार्ज भी डेढ़ रुपये प्रति पौधा था। उन्हें उसकी फसल की सही लागत ही नहीं मिल रही थी। आखिरकार परेशान होकर उसने कस्बे की सड़क में अपनी सारी फूलगोभी फेंक दी और घर चला गया।

हालांकि उसे रोकने के लिए कई लोग आए, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। फूलगोभी सड़कों पर पड़ी देख लोगों में लूटने की होड़ मच गई।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)