हैदराबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित राजेंद्र नगर के आसपास पिछले कुछ महीनों से घूम रहे एक तेंदुए को तेंलगाना वन विभाग की एक टीम ने रविवार तड़के पकड़ लिया।
राजेंद्र नगर में वॉटर एंड लैंड मैनेजमेंट ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टिट्यूट (वालामतारी) के पास अधिकारियों द्वारा लगाए गए एक पिंजड़े में यह तेंदुआ आकर फंस गया।
छह साल के इस तेंदुए को शहर के नेहरू जियोलॉजिकल पार्क ले जाया गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि इसे फिलहाल दो दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा और अगर इसके रहने लायक कोई जंगल मिला, तो फिर वहीं छोड़ दिया जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से मवेशियों के मरने की शिकायतें आ रही थीं, जिसके बाद शुक्रवार को राजेंद्र नगर में एक पिंजड़ा लगाया गया।
वन प्रभागीय अधिकारी (एफडीओ) सिवाहिया ने संवाददाताओं को बताया कि संभावना यही है कि यह वही तेंदुआ है, जिसे शहर के बाहरी इलाके में स्थित अंडरपास में आराम फरमाते हुए देखा गया था। मई में इसी तेंदुए की वजह से मेलार्डेवपल्ली क्षेत्र में काफी हंगामा खड़ा हुआ था।
–आईएएनएस
एएसएन-एसकेपी