हॉकी : भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम को नीदरलैंड ने दी मात

  • Follow Newsd Hindi On  

 मेड्रिड, 11 जून (आईएएनएस)| भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम को मंगलवार को आठ राष्ट्रों के अंडर-21 आमंत्रण टूर्नामेंट के ग्नुप दौर में नीदरलैंड से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा।

 मैच कांटे का रहा जिसमें नीदरलैंड की टीम बाजी मार ले गई।


नीदरलैंड ने शुरू से ही शानदार शुरुआत की और पांचवें मिनट में ही गोल कर दिया। उसके लिए यह गोल जिम वान डे वेने ने किया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने अपनी रफ्तार में इजाफा किया और आक्रामक हॉकी खेली। भारतीय टीम यहां बराबरी करने में सफल रही। भारत के लिए यह गोल विष्णुकांत सिंह ने किया। तीन मिनट बाद वान डे वेने ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर नीदरलैंड को 2-1 से आगे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में 32वें मिनट में डर्क डे विल्डार के गोल ने नीदरलैंड को 3-1 से आगे कर दिया। भारतीय टीम ने हालांकि हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करती रही। उसे सफलता 37वें मिनट में हासिल हुई जब सुदीप चिरमाको ने भारत के लिए दूसरा गोल किया।

अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने बराबरी की कोशिश की लेकिन गोल नहीं कर पाई।


भारतीय जूनियर टीम अपना अगला ग्रुप मैच गुरुवार को स्पेन के खिलाफ खेलेगी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)