कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा : महेन्द्र नाथ

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 2 अप्रैल (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस की ओर से जारी घोषणा-पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने इसे देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़, गरीबों और वंचितों के साथ मजाक करने वाला बताया।

पाण्डेय ने कहा, “सेना की वीरता पर कांग्रेस पहले से ही सवाल उठाती रही है। अब घोषणा-पत्र के जरिए कांग्रेस ने अपने राष्ट्रविरोधी चेहरे को और साफ कर दिया है।”


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “उन्होंने सेना के अधिकारों में कटौती सैनिकों पर घृणित आरोप और अलगाववादियों से बातचीत के वादे किए हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस की भाषा, रणनीति और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के भाषण एक-दूसरे के पूरक हैं। 60 सालों से गरीबी हटाओ के नारे के बल पर कांग्रेस सत्ता में रही। लेकिन उसके राज में गरीब और गरीब होते चले गए और गांधी परिवार, उनके दामाद और उनके सिपहसलारों की माली हैसियत सैकड़ों गुना बढ़ गई।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास ही झूठे वादे करने का रहा है। आज तक कांग्रेस ने एक भी वादा अपने कार्यकाल में पूरा करके नहीं दिखाया। 2004 में कांग्रेस ने वादा किया था कि वह जनता के प्रति जवाबदेह है, इसलिए हर साल दो अक्टूबर को पूरे किए गए वादों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेगी।”

पाण्डेय ने कहा, “कांग्रेस ने यह भी वादा किया था कि सरकार बनने के 100 दिनों में वह कार्य योजना पेश करेगी। आज तक कांग्रेस की सरकार में यह हुआ ही नहीं। जबकि मोदी जी हर साल अपने कामकाज का लेखा-जोखा देश की जनता को देते हैं।”


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)