कांग्रेस सेवादल को गांव-गांव तक पहुंचाएं : कमल नाथ

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 9 जनवरी (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस सेवादल का दायरा बढ़ाने के लिए गांव-गांव तक नेटवर्क को मजबूत करने की बात कही, ताकि देश में लोगों को गुमराह करने की राजनीति का मुकाबला किया जा सके। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी इकाई (आईटी) का विस्तार किया जाए। राजधानी के बैरागढ़ में चल रहे अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय विशारद प्रशिक्षण शिविर में गुरुवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि सेवादल एक ऐसा राष्ट्र भक्त संगठन है जिससे प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को शक्ति और प्रेरणा मिलती है। कांग्रेस के इतिहास में सेवा दल की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। कोई संगठन अगर सही अर्थो में देश सेवा में लगा हुआ और कांग्रेस का सबसे वफादार संगठन है तो वह सेवा दल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवादल हमारे देश की अनेकता में एकता की भावना सांस्कृतिक मूल्यों से न केवल अवगत है बल्कि उसकी कार्य प्रक्रिया में यह शामिल है।


राजनीतिक क्षेत्र में आ रहे बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने की प्रक्रिया में अन्य क्षेत्रों के समान व्यापक बदलाव आया है। आवश्यकता इस बात की है कि सेवादल अपने काम करने की शैली में भी बदलाव लाए, इसके लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर कांग्रेस की नीतियों, सिद्घांतों और मूल्यों के साथ उसके महान नेताओं द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष में दिए गए योगदान का व्यापक पैमाने पर प्रचार-प्रसार करें। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सेवा दल से प्रदेश में आईटी सेल को मजबूत बनाने को कहा।

उन्होंने कहा, “आईटी सेल ऐसा हो कि वह पूरे देश का प्रमुख सेंटर बने। इसके लिए मैं पूरी तरह सहयोग और समर्थन दूंगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “सेवादल को गांव-गांव तक अपने संगठनों को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। प्रदेश में नई सरकार के सामने कई चुनौतियां थीं। शोषण, अत्याचार, गरीबी, कर्ज से डूबा प्रदेश और किसान, बेरोजगार युवा जैसी विकराल समस्याएं हमारे सामने हैं। एक वर्ष में इन सभी मोर्चो पर साकारत्मक बदलाव लाने का प्रयास हम कर रहे हैं।”


मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवादल सरकार के एक साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष द्वारा लोगों को गुमराह करने के प्रयासों का पूरी ताकत के साथ जवाब देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

आजादी की लड़ाई को लेकर मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसा और कहा कि भाजपा आज उस कांग्रेस को पाठ पढ़ा रही है जिस कांग्रेस के महान नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम संघर्ष कर देश को आजादी दिलाई। सेवादल को लोगों तक यह बात पहुंचाना चाहिए कि वह भाजपा से सवाल करे कि एक नेता वह अपनी पार्टी या आरएसएस का बताए जिसने देश के स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया हो।

मुख्यमंत्री ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर देश की जनता को मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब देश बेरोजगारी, आर्थिक संकट सहित कई क्षेत्रों में बदहाल होने की स्थिति में है तब एनआरसी, सीएए जैसे मुद्दों पर बहस छेड़कर वह देश की जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

राष्ट्रीय सेवा दल के अध्यक्ष लालजी देसाई ने कहा कि राष्ट्रीय विषारद प्रशिक्षण शिविर में 45 वर्ष तक के 425 प्रशिक्षाणार्थी भाग ले रहे हैं। अगला प्रशिक्षण शिविर 18 वर्ष तक की आयु के युवकों के लिए आयोजित किया जाएगा।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)