महिला दिवस पर लैंगिक समानता के लिए दुनियाभर में विरोध प्रदर्शन

  • Follow Newsd Hindi On  

 मैड्रिड, 8 मार्च (आईएएनएस)| दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शुक्रवार को कहीं किसी उड़ान में पूरा स्टाफ महिलाओं का है तो कहीं महिला कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं और अवार्ड दिए जा रहे हैं।

 वहीं लैंगिक समानता के लिए विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, फ्रांस में महिलाओं को अपराह्न 3.40 बजे काम बंद कर देना है, क्योंकि अनुमान के मुताबिक जेंडर पे गैप के कारण इसके बाद का उनका काम एक तरह से मुफ्त में होता है।


फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दिवंगत पूर्व मंत्री सिमोन वेल के नाम पर एक पुरस्कार प्रदान करने वाले हैं, जो महिला अधिकारों के लिए लड़ने के लिए जानी जाती थीं।

विभिन्न ट्रेड यूनियनों के अनुसार, स्पेन में महिला और पुरुष कर्मी दोनों एक घंटे या आठ घंटे की हड़ताल कर सकते हैं और इटली में नारीवादी संघ ‘नॉन उना डी मेनोस’ द्वारा आहूत हड़ताल से परिवहन स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र प्रभावित होगा।

पुर्तगाल, ग्रीस और बेल्जियम में पहली हड़ताल होगी, जिन्हें नारीवादी समूहों और ट्रेड यूनियनों ने आयोजित किया है।


रूस, बेलारूस, स्पेन, पुर्तगाल, इटली और ग्रीस सहित यूरोप भर में मार्च निकाल जाएंगे।

रैलियों के जरिए उन नीतियों को उजागर किए जाने की उम्मीद है, जो लैंगिक समानता के खिलाफ हैं और जिन्हें सरकारें बढ़ावा देती हैं, या उनका बचाव करती हैं, जिसमें ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो और फिलीपींस के रॉड्रिगो दुतेर्ते की सरकार शामिल हैं।

ब्राजील में रियो डी जनेरियो और साओ पाउलो सहित 25 शहरों में विरोध प्रदर्शन होंगे।

फिलीपींस में, ‘गैब्रिएला’ नामक नारीवादी महिलाओं के खिलाफ द्वेष के विरोध में, हिंसा को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियों के खिलाफ मार्च निकालने का आह्वान किया है।

करीब 8,000 महिलाओं के इस मार्च में शामिल होने की संभावना है।

बैंकॉक में, फेम फिल्म फेस्टिवल के साथ-साथ ‘वीमेन इन गैस्ट्रोनॉमी’ इवेंट में महिला शेफ के बारे में दिखाया जाएगा, जिसमें क्रिस्टोफर बर्मन भी शामिल हैं।

चीन में, नेशनल ग्रैंड थियेटर एक विशेष महिला दिवस संगीत कार्यक्रम की मेजबानी करेगा, जबकि उरुग्वे में मोंटेवीडियो फिलहार्मोनिक ऑर्केस्ट्रा स्पेनिश कंडक्टर, इसाबेल कोर्टेस के निर्देशन में केवल महिलाओं द्वारा तैयार संगीत पेश करेगा।

दोपहर में मार्च के साथ उरुग्वे में आधा दिन की हड़ताल होगी।

केन्या में एक विरोध प्रदर्शन और व्यापार में समानता को बढ़ावा देने के लिए ‘नेशनल कॉर्पोरेट जेंडर डाइवर्सिटी इंडेक्स’ द्वारा घाना में एक प्रस्तुति सहित अन्य पहलें की जाएंगी, जबकि मलावी में महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के लिए ‘शी इज इक्वल’ पुरस्कार दिए जाएंगे।

इथियोपिया इकलौता ऐसा अफ्रीकी देश है, जहां महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रीय एयरलाइन, इथियोपिया एयरलाइंस की एक उड़ान के साथ इस दिन को मनाएगा, जिसमें अदीस अबाबा से लेकर नार्वे की राजधानी ओस्लो तक पूरी तरह से महिला चालक ही होंगी।

लेबनान में, ‘लेबनीज फोर्सेस’ पार्टी शादी के भीतर दुष्कर्म के अपराधीकरण के लिए एक विधेयक पेश करेगी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)