मिजोरम में चुनाव प्रचार समाप्त, बुधवार को होगा मतदान

  • Follow Newsd Hindi On  

 आइजोल, 26 नवंबर (आईएएनएस)| मिजोरम में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महीने भर चला प्रचार सोमवार को थम गया। इस दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में अभी तक किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश व नागालैंड के मुख्यमंत्रियों ने अपने उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया।


निर्वाचन आयोग ने व्यापक इंतजाम किए हैं और निष्पक्ष चुनाव के लिए कई सुरक्षा उपाय भी किए हैं।

मिजोरम के संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी जोराम्मौना ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, “राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव प्रचार पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। प्रत्येक प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।”

मिजोरम इस वक्त कांग्रेस द्वारा शासित अंतिम पूर्वोत्तर राज्य है।


मुख्य चुनाव अधिकारी आशीष कुंद्रा ने यहां कहा कि सुरक्षा कर्मियों के साथ अधिकारी आठ जिलों के 1,164 मतदान केंद्रों के लिए निकल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि कुल विधानसभा क्षेत्रों में करीब 40 महिला मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पुलिस और सुरक्षा कर्मी सहित पूरा स्टाफ महिलाओं का है।

संयुक्त सीईओ ने मीडिया को बताया, “सभी 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाने के लिए ईवीएम मशीनों के साथ वीवीपैट मशीनों का प्रयोग किया जाएगा।”

बुधवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 209 उम्मीदवार मैदान में हैं, जो 2013 के मुकाबले 67 ज्यादा हैं।

209 उम्मीदवारों में से 15 महिलाएं हैं। 2013 में केवल छह महिला उम्मीदवार मैदान में थीं, जिसमें से किसी ने भी जीत हासिल नहीं की थी।

पिछले चुनाव की तरह इस बार भी महिला मतदाता, पुरुषों के मुकाबले ज्यादा हैं। कुल 768,181 मतदाताओं में 393,685 महिलाएं और 374, 496 पुरुष अपने मतों का प्रयोग करेंगे।

मिजोरम विधानसभा का पांच वर्षीय कार्यकाल 15 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)