मोदी ने विजय संकल्प रैली से हरियाणा में फूंका चुनावी बिगुल

  • Follow Newsd Hindi On  

 रोहतक, 8 सितम्बर (आईएएनएस)| हरियाणा में जल्द ही होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहतक में एक रैली को संबोधित करते हुए न सिर्फ अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिनों के कामकाज की रिपोर्ट पेश की बल्कि राज्य में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ लड़ने के लिए मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाली सरकार की तारीफ भी की। 

 मोदी ने यहां अपने संबोधन में जनता से वर्षा जल संचयन तकनीक को अपनाकर जल संरक्षण में मदद करने की अपील करते हुए 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया।


उन्होंेने कहा, “पिछले पांच वर्षों में, हरियाणा में किसानों की भूमि के साथ भ्रष्टाचार का खेल बंद हो गया है। पांच साल के ऐसे शानदार ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर, पूरा हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में खड़ा हो गया है।” प्रधानमंत्री ने रैली को संबोधित करने से पहले 2,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

उन्होंने आम चुनाव में भाजपा को राज्य की सभी 10 संसदीय सीटें जिताने के लिए राज्य के लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि राज्य द्वारा किसानों और गरीबों के हित में कई कदम उठाए गए हैं।


मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को खुले में शौच मुक्त और केरोसिन मुक्त घोषित किया जा चुका है और राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम को संदर्भित करते हुए कहा कि हरियाणा में परिवार आज ‘मनोहर’ बन गए हैं।

प्रधानमंत्री की रैली के साथ 22 दिवसीय और 3,000 किलोमीटर लंबी खट्टर की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ सम्पन्न हो गई।

इस साल मई में दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में आने के बाद मोदी का हरियाणा का यह पहला दौरा था।

भाजपा के राज्य चुनाव प्रभारी और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राज्य से संबंधित उनके कैबिनेट सहयोगियों ने मोदी की ‘विजय संकल्प’ रैली में भाग लिया।

मोदी की रैली को इको-फ्रेंडली (पार्यवरण अनुकूल) बनाने के लिए जिला प्रशासन और पार्टी ने विशेष इंतजाम किए थे।

प्रशासन ने रैली स्थल पर जनता से प्लास्टिक मिनरल वाटर की बोतलों का उपयोग नहीं करने की अपील की थी।

लोगों की प्यास बुझाने के लिए प्रशासन ने लगभग 10,000 मटकों की व्यवस्था की।

लोकसभा चुनाव में पार्टी की सभी 10 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन के बाद खट्टर के नारे ‘मिशन 75’ को जोरदार समर्थन मिला है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)