मप्र को ‘समृद्ध प्रदेश’ बनाने का लोग बनाएंगे रोडमैप : शिवराज

  • Follow Newsd Hindi On  

 भोपाल, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘भविष्य का संदेश, समृद्ध मध्यप्रदेश’ अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक जो भी योजनाएं बनीं, जनता से चर्चा करके बनाई गईं, आने वाले दिनों में समृद्ध मध्यप्रदेश का रोडमैप भी जनता के सुझावों से बनाया जाएगा।

  भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रविवार को मुख्यमंत्री चौहान व अन्य नेताओं ने 50 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ अगले 15 दिनों तक प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में घूमकर लोगों से प्रदेश की समृद्धि के बारे में सुझाव एकत्र करेंगे।


मुख्यमंत्री शिवराज ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस को याद करते हुए कहा कि आज ही के दिन नेताजी ने देश की पहली आजाद सरकार का गठन किया था। आज ही के दिन भारतीय जनसंघ की स्थापना भी हुई थी, जिसने देश के विकास के लिए एक वैकल्पिक विचारधारा दी।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2003 के पहले के कांग्रेस शासन को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बरबाद कर दिया था। सड़कें इतनी खराब थीं कि लोग फसल कटने के बाद खेतों से गाड़ियां निकाला करते थे। पानी के अभाव में फसलें सूख जाती थीं। दिन में कुछ ही घंटों के लिए बिजली आती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने जो भी योजनाएं बनाई और लागू की हैं, वे जनता से मिले सुझावों के आधार पर ही बनी हैं। लाड़ली लक्ष्मी से लेकर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तक और तीर्थ दर्शन योजना से लेकर संबल तक, सभी योजनाओं की जड़ में लोगों से मिले सुझाव ही हैं। इसके लिए हमने समाज के हर वर्ग की महापंचायतें और सम्मेलन किए और उनकी राय जानी। उसी के आधार पर योजनाएं बनाईं।”


उन्होंने कहा, “अब प्रदेश की समृद्धि का रोडमैप तैयार करने की बात आई है, तो इसे भी मैं अकेला क्यूं बनाऊं? प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता मिलकर प्रदेश को समृद्ध बनाएगी।”

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जनता से जो भी अच्छे सुझाव मिलेंगे, उसी के आधार पर रोडमैप तैयार करेंगे और अगले पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध मध्यप्रदेश बनाएंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री व सांसद अजय प्रताप सिंह ने किया।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)