मप्र में भाजपा ने कांग्रेस पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरेाप लगाया

  • Follow Newsd Hindi On  

 भोपाल, 1 अगस्त (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश में दो विधायकों द्वारा कांग्रेस की सरकार के विधेयक के समर्थन में किए गए मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

 भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, “भाजपा के अनेक विधायकों ने उन्हें बताया है कि कांग्रेस के लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं और तरह-तरह के लालच दे रहे हैं। मगर भाजपा के विधायक चट्टान की तरह एकजुट हैं।”


इसी तरह का आरोप नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने लगाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस भाजपा के आर्थिक तौर पर कमजोर और कमजोर तबके के विधायकों को बहला-फुसलाकर प्रलोभन देकर इस कोशिश में है कि उन्हें समर्थन दे दें, मगर ऐसा नहीं होना वाला, क्योंकि भाजपा के विधायक लोहे के चना के समान हैं, जिन्हें जो भी चबाने की कोशिश करेगा, उसके दांत टूट जाएंगे।

पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार द्वारा पेश किए गए दंड विधान संशोधन विधेयक पर मत विभाजन के दौरान भाजपा के दो विधायकों ने समर्थन किया था। उसके बाद से दोनों ओर से विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया जा रहा है।

भाजपा के एक विधायक सीताराम आदिवासी ने भी पिछले दिनों कांग्रेस की ओर से प्रलोभन दिए जाने की बात कही थी। इसका हवाला देते हुए भाजपा नेता कांग्रेस पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रहे हैं।


राज्य की कांग्रेस सरकार को पूर्ण बहुमत नहीं है। राज्य की 230 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 114 और भाजपा के 108 विधायक हैं। कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार को निर्दलीय, बसपा व सपा विधायकों का समर्थन हासिल है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)