मप्र में गोपाल भार्गव चुने गए भाजपा विधायक दल के नेता

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 7 जनवरी (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव को विधायक दल का नेता चुन लिया है। नेता का चयन पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डॉ़ विनय सहस्रबुद्धे की मौजूदगी में हुआ। राजनाथ ने बैठक के बाद ने संवाददाताओं को बताया कि विधायकों की राय के आधार पर भार्गव को विधायक दल का नेता चुना गया है। भार्गव आठवीं बार विधायक चुने गए हैं। भार्गव बुंदेलखंड क्षेत्र से आते हैं और सागर जिले की रहली विधानसभा सीट से विधायक हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भार्गव का नाम प्रस्तावित किया, जिसका समर्थन नरोत्तम मिश्रा ने किया। इसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। इस तरह सर्वसम्मति से भार्गव को नेता चुन लिया गया।


इससे पहले, केंद्रीय गृहमंत्री शाम को विमान से भोपाल पहुंचे। भाजपा नेताओं ने उनकी अगवानी की। उसके बाद राजनाथ सीधे भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। विधायकों की बैठक में उनके साथ पर्यवेक्षक के तौर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डा़ॅ विनय सहस्रबुद्धे भी मौजूद रहे।

भाजपा की ओर से विधायक दल के नेता के लिए तीन ब्राह्मण नेता दावेदार थे। इनमें पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र शुक्ल की मजबूत दावेदारी थी। मिश्रा दिल्ली की पसंद थे और शुक्ल ने विंध्य क्षेत्र में भाजपा को बड़ी सफलता दिलाने के कारण बड़े दावेदार माने जा रहे थे।

खास बात यह कि भाजपा ने बहुमत न होते हुए भी विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। विपक्षी पार्टी ने विजय शाह को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने एक तरफ जहां अध्यक्ष पद के लिए आदिवासी नेता पर दांव लगाया है तो दूसरी ओर ब्राह्मण नेता भार्गव को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)