मुंबई : बुधवार को रिकॉर्डतोड़ बारिश से 5 की मौत

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंबई, 5 सितम्बर (आईएएनएस)| मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार को रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई जिसके चलते विभिन्न घटनाओं में कम से कम पांच लोग मारे गए। इस साल के मानसून में ऐसी रिकॉर्डतोड़ बारिश तीन बार हुई जिसने देश की वाणिज्यिक राजधानी को ठप कर दिया है। बुधवार की शाम को गोरेगांव में विजयेंद्र एस. बागदी (36) और जगदीश परमार (54) नामक दो श्रमिक चक्कर आ जाने की वजह से गिर गए। उन्हें पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें बाद में मृत घोषित कर दिया गया।

शाहरुख एस. शेख नामक 24 वर्षीय एक युवक कुर्ला के पास महीम क्रीक में डूब गया और शाम में मुंबई अग्निशमन दल द्वारा उसकी बॉडी को बाहर निकाला गया।


एक लड़के ने तैरने के लिए अपने तीन दोस्तों संग उफान भरी मीठी नदी में छलांग लगाया था जिसे भारतीय नौसेना द्वारा गुरुवार की सुबह तक तलाश किए जाने के बाद भी अब तक नहीं मिला।

दक्षिण-मध्य मुंबई में भारी बाढ़ वाले क्षेत्र हिंदमाता इलाके के पास अधिकारियों को अशोक डी.मायेकर नामक एक 60 वर्षीय वृद्ध आदमी का शव तैरता हुआ मिला।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन ने 4 सितंबर को हुई बारिश के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि शहर में 127.9 मिलीमीटर (मौसम का कुल – 2,263.2 मिलीमीटर) दर्ज किया गया, पूर्वी उपनगरों में 173.4 मिलीमीटर (3,006.3 मिलीमीटर) बारिश हुई और दक्षिणी उपनगरों में 186.0 मिलीमीटर (2,765.1 मिलीमीटर) बारिश हुई।


सीजन के कुल औसत 2,358 मिलीमीटर और वार्षिक वर्षा के लगभग 114 प्रतिशत के साथ शहर और उपनगरों का कुल औसत क्रमश: 102.73 मिलीमीटर और 114.79 मिलीमीटर रहा।

बीएमसी द्वारा विभिन्न इलाकों में दर्ज की गई बारिश के पैमाने के मुताबिक, 4 सितंबर को 24 घंटे के भीतर मुंबई में कम से कम 15 स्थानों में 20 सेंटीमीटर और 30 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हुई।

भारी बारिश के चलते मीठी नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बचाव एजेंसियों ने सुरक्षा के चलते 1,400 लोगों को कुर्ला के क्रांतिनगर और बाली बाजार इलाकों में स्थानांतरित किया जहां उनके घरों में पानी भरने लगा था।

रेलवे स्टेशन सहित शहर के विभिन्न इलाकों में फंसे अन्य 2,300 लोगों को शहर के विभिन्न भागों में अस्थायी आवासों में रखा गया है।

बुधवार की छुट्टी के बाद शिक्षा मंत्री आशीष शेलर ने इन जिलों के सभी स्कूलों और जूनियर कॉलेजों के लिए एहतियातन दूसरे दिन भी छुट्टी की घोषणा की।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)