ओडिशा में प्रचार करेंगे मोदी, शाह, योगी

  • Follow Newsd Hindi On  

 भुवनेश्वर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)| ओडिशा में चुनाव प्रचार जोर पकड़ने के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का केंद्रीय नेतृत्व पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं को लुभाने राज्य में प्रचार करने पहुंच रहा है।

 देश के पूर्वी राज्यों में ओडिशा एक ऐसा राज्य है, जहां से भाजपा को अधिक उम्मीदें हैं। यहां लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ चार चरणों में हो रहे हैं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 अप्रैल को राज्य का दौरा करेंगे। वह भुवनेश्वर और संबलपुर में एक ही दिन दो रैलियों को संबोधित करेंगे।

भाजपा के उपाध्यक्ष समीर मोहंती ने रविवार को कहा कि मोदी भुवनेश्वर में एक रोडशो भी करेंगे और बारामुंडा ग्राउंड में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।

मोहंती ने कहा कि मोदी बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से सभास्थल तक रोडशो करेंगे, जो सिरिपुर स्क्वे यर होते हुए जाएगा।


भुवनेश्वर और संबलपुर संसदीय सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल को तीसरे चरण में होगा।

भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह भी कटक जिले के बारम्बा में और ढेंकनाल में 17 अप्रैल को दो रैलियों को संबोधित करेंगे। शाह ने 12 अप्रैल को एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था।

भाजपा प्रवक्ता गोलक मोहपात्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ओडिशा में सोमवार को चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। राज्य के एक दिन के दौरे के दौरान योगी राउरकेला, अंगुल और फुलबनी में सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे।

कई केंद्रीय मंत्री पहले ही राज्य का दौरा कर चुके हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को रोडशो में हिस्सा लिया और ब्रजराजनगर और झारसुगुडा में सार्वजनिक रैलियों को संबोधित किया।

भाजपा के जवाब में सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) अपने अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निर्भर है। पटनायक पूरे राज्य में घूम-घूम कर मतदाताओं को लुभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री 15 अप्रैल को बारगढ़ और बोलंगीर जिलों में प्रचार करेंगे और बारगढ़ में रात बिताएंगे। उसके बाद 16 अप्रैल को वह अपनी दूसरी विधानसभा सीट बिजेपुर का दौरा करेंगे, जहां वह सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने वाले हैं।

पटनायक हिंजिली और बिजेपुर विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों सीटों के लिए मतदान 18 अप्रैल को होना है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)