प्रियंका का दावा, रायबरेली के भाजपा प्रत्याशी एक बार फिर उनके साथ आएंगे

  • Follow Newsd Hindi On  

रायबरेली, 2 मई (आईएएनएस)| कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दिनेश सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि वह एक बार फिर वापस मेरे पास आएंगे।

प्रियंका ने आज (गुरुवार) यहां एक चुनावी जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह का बिना नाम लिए हमला बोला और कहा, “भाजपा ने मेरी मां (सोनिया) के मुकाबले एक ऐसा उम्मीदवार खड़ा किया है जो मेरे पैर पड़कर कहते थे, दीदी मैं कांग्रेस का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा। अब तो न उनका एमएलसी का पद रहेगा न जिला पंचायत का। एक बार वह पुन: मेरे पास आएंगे यह मेरा दावा है।”


इस दौरान उन्होंने भाजपा पर किसान, नौजवान व महिलाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में 12,000 किसानों ने आत्महत्या कर ली है। हर महीने किसान से बीमा के नाम पर पैसा लेकर 10 हजार करोड़ रुपयों का लाभ कुछ चुनिंदा लोगों को दिया जा रहा है। किसान का कर्ज माफ करने के लिए पैसा नहीं, लेकिन कुछ पूंजीपति लोगों का लाखों करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया।”

उन्होंने कहा, “केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की असलियत देश के सामने आ चुकी है। देश में किसान की कमर टूट चुकी है। किसान बताते हैं कि आमदनी दोगुनी नहीं आधी हो चुकी है। किसान छुट्टा जानवरों से काफी परेशान हैं।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि “संप्रग अध्यक्ष मेरी मां सोनिया गांधी आपकी उम्मीदवार हैं। 15 वर्ष से आपकी सांसद रही हैं। आपने उनके कार्यकाल में विकास व जीवन में आया परिवर्तन भी देखा है। इन सभी विकास कार्यो को बरकरार रखने की जरूरत है।”


उन्होंने मोदी सरकार को नोटबंदी पर भी घेरा।

उन्होंने कहा, “नोटबंदी से देश के गरीब लोग परेशान हो गए। मनरेगा को सरकार ने दुर्बल किया। यहां मनरेगा की मजदूरी नहीं मिलती। रोजगार सेवकों का मानदेय नहीं बढ़ाया। कांग्रेस ने घोषणा की है कि गांव स्तर पर दस लाख रोजगार उपलब्ध कराएंगे।”

इससे पहले प्रियंका गांधी का रायबरेली में एक नया ही अंदाज देखने को मिला। यहां के हंसा का पुरवा गांव पहुंची प्रियंका गांधी ने सपेरों से मुलाकात की। इस दौरान वे कोबरा नाग को अपने हाथों में लेकर उसके साथ खेलतीं भी नजर आईं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)