पर्यटन प्रमोशन के लिए मीडिया अभियानों पर खर्च हुए एक अरब से ज्यादा

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने राज्यसभा में हुए एक सवाल के जवाब में बताया है कि देश में पर्यटन के प्रमोशन के लिए पिछले तीन वर्षों में एक अरब से ज्यादा की धनराशि मीडिया अभियानों पर खर्च हुई है। ओडिशा के बीजू जनता दल के सांसद भास्कर राव नेक्कांति और प्रशांत नंदा के एक लिखित सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार प्रहलाद सिंह पटेल ने यह जानकारी दी है।

दरअसल, बीजू जनता दल के दोनों सांसदों ने भारत में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मीडिया अभियानों पर खर्च हुई धनराशि पर सवाल पूछा था। इस सवाल का लिखित में जवाब देते हुए पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय की ओर से भारत में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न मीडिया अभियान चलाए जाते हैं। पिछले तीन वर्षों में प्रिंट मीडिया, टेलीविजन, ऑनलाइन, रेडियो, थियेटर और एसएमएस अभियान चलाए गए हैं। इन अभियानों पर बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में 25,70,95,135 रुपये खर्च हुए, जबकि वर्ष 2018-19 में 65,25,12,193 रुपये खर्च किए गए। इसी तरह वर्ष 2019-20 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 33,27,44,370 रुपये खर्च कर मीडिया अभियान संचालित हुए। इस प्रकार तीन वर्ष में पर्यटन से जुड़े मीडिया अभियानों पर 1,24,23,51,698 रुपये खर्च हुए।


पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय द्वारा ब्यूरो ऑफ आउटरीच कम्युनिकेशन (बीओसी), दूरदर्शन, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के माध्यम से मीडिया प्लान प्राप्त किए जाते हैं। यह अभियान भारत के सभी राज्यों के लिए होते हैं न कि राज्य विशेष के लिए।

–आईएएनएस

एनएनएम-एसकेपी


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)