पुणे टेस्ट : रोहित सस्ते में आउट, मयंक टिके (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

पुणे, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारत ने यहां महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को भोजनकाल तक एक विकेट खोकर 77 रन बना लिए हैं। पहले सत्र में 25 ओवर फेंके गए। सत्र का खेल खत्म होने तक मयंक अग्रवाल 34 और चेतेश्वर पुजारा 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत ने रोहित शर्मा (14) के रूप में अपना अभी तक का एकमात्र विकेट खोया है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने धीमी शुरुआत की। शुरुआत में गेंद हरकतें कर रही थी और इसी कारण दोनों सलामी बल्लेबाज संभल कर खेल रहे थे। ऐसी ही कागिसो रबादा की एक गेंद रोहित के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों में चली गई। रोहित ने 35 गेंदों का सामना किया और सिर्फ एक चौका मारा।


रोहित के बाद आए पुजारा ने भी संभल कर खेलने की रणनीति अपनाई। वह अभी तक 39 गेंद खेल चुके हैं जिन पर उन्होंने तीन चौके मारे हैं। मयंक और पुजारा के बीच अभी तक 52 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

मेहमान टीम ने अभी तक अपने चार गेंदबाजों का इस्तेमाल किया है। पदार्पण कर रहे एनरिक नोर्टजे पांच ओवरों में एक मेडेन के साथ 27 रन खर्च कर चुके हैं। विकेट लेने वाले राबाडा 10 ओवरों में 26 रन दिए हैं। वार्नोन फिलेंडर किफायती रहे हैं। सात ओवरों में उन्होंने एक मेडेन फेंका है और सिर्फ आठ रन दिए हैं।

स्पिनर केशव महाराज ने तीन ओवरों में 10 रन दिए हैं।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)