राष्ट्रमंडल भारोत्तोलक चैम्पियनशिप में पदक विजेताओं से मिले खेल मंत्री

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)| केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने हाल ही में राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारोत्तोलक टीम से मुलाकात की और उन्हें अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

  भारत ने सामोआ के एपिया में नौ से 14 जुलाई के बीच खेले गई इस चैम्पियनशिप में जूनियर एवं सीनियर वर्ग में पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया है।


यह चैम्पियनशिप तीन वर्ग- सीनियर, जूनियर और यूथ वर्ग में हुई थी। भारत ने इसमें कुल मिलाकर 35 पदक अपने नाम किए। 32 अलग-अलग खिलाड़ियों ने यह पदक जीते जिनमें से 15 पुरुष और 17 महिलाएं रहीं। भारत ने इसमें 22 स्वर्ण, 10 रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

राष्ट्रमंडल खेलों-2018 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण अपने नाम किया।

खेल मंत्री ने कहा, “इस टूर्नामेंट में यह भारत का अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और मुझे अपने खिलाड़ियों पर काफी गर्व है। आने वाले दिनों में भारत इस खेल में पावरहाउस बन सकता है। हम चीन और उत्तर कोरिया को इसमें कड़ी टक्कर दे सकते हैं। हमारे अंदर इतनी काबिलियत है। ओलम्पिक में हमें अच्छी संख्या में पदक लाने चाहिए।”


मीराबाई ने स्वर्ण जीतने पर कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से काफी संतुष्ट हूं। चोट के बाद यह मेरा तीसरा टूर्नामेंट था और मैं सभी में पदक जीतने में सफल रही हूं। मेरी टोक्यो ओलम्पिक की तैयारियां बेहद अच्छी चल रही हैं। आने वाले एक साल में मैं और कड़ी मेहनत करूंगी।”

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)