शहरी नेतृत्व फेलोशिप प्रोग्राम का समापन

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में शुरू किए गए मुख्यमंत्री शहरी नेतृत्व फेलोशिप (सीएमयूएलएफ) प्रोग्राम का समापन हो गया। सत्र के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने फेलोज को उनकी कड़ी मेहनत और लगन के लिए सराहना करते हुए उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, मुझे उम्मीद है कि इसने आपके अंदर के लीडरशिप के पौधों को थोड़ा बहुत अवश्य सींचा होगा। इस प्रोग्राम ने आप लोगों के अंदर की संवेदनाओं और भावनाओं को बढ़ाया होगा और आपको एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया होगा। इस दौरान मुख्य सचिव और सचिव (एआर) सहित दिल्ली सरकार के अन्य अधिकारियों के साथ प्रशासनिक सुधार मंत्री कैलाश गहलोत भी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार को आयोजित फेलोज के विदाई समारोह के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, आप लोगों से दो साल पहले मुलाकात हुई थी, जब आप लोगों ने यहां ज्वाइन किया था। मैं उम्मीद करता हूं कि यह 2 साल की यात्रा आप लोगों के लिए बहुत ही उपयोगी रही होगी। आप सभी को अनुभव प्राप्त करने का मौका मिला। दो साल में सरकार ने बहुत सारे काम किए हैं। कई सारे ऐसी योजनाएं निकाली हैं, जो शायद देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में पहली बार आई हैं। मैं तो जब स्कीम लागू होती थी, तो उसे लागू करने की स्टेज पर आता था, लेकिन आज सुनने को मिला कि इसके पीछे का काम आप सब लोगों ने मिलकर किया था। यह जानकर मुझे बहुत अच्छा लगा कि आप लोगों ने इतनी मेहनत के साथ हमारी जितनी प्रमुख योजनाएं थीं, उसके ऊपर काम किया और उनको सफल बनाया।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, आप लोगों में से कुछ लोग ऐसे हैं, जो कॉलेज से सीधे पास हो कर आए हैं और कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो शायद कुछ साल के अनुभव के बाद आए हैं, लेकिन आप लोगों की उम्र में शायद इस तरह का अवसर बिरले लोगों को ही मिलती है। आप लोगों को सीधे मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों, मुख्य सचिव व सचिव के साथ मिल कर काम करने का मौका मिला। मुझे नहीं लगता कि बहुत सारे लोगों को इस उम्र में यह नसीब होता है। आप लोग बहुत खुश किस्मत है कि आप लोगों का यह मौका मिला। यह ठीक एक लीडरशीप जैसा प्रोग्राम था। हम उम्मीद करते हैं कि इसने आपके अंदर लीडर के पौधे को थोड़ा बहुत सींचा होगा। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि इसने आप लोगों को एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। आप सभी लोगों के लिए सबसे क्रिटिकल पॉलिसी बना रहे थे। जितनी भी योजनाएं थीं, यह सारी योजनाएं जनता के लिए थीं। जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए योजनाएं थीं। मैं समझता हूं कि इसने आप लोगों के अंदर की संवेदना को और अधिक बढ़ाया होगा। जनता के प्रति आप लोगों की भावनाओं को बढ़ाया होगा और आपको एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया होगा। मैं आप सब लोगों को इस प्रोग्राम को पूरा करने के लिए बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं कि जिंदगी में जहां भी जाएं, जो भी करें, आपको भगवान खूब तरक्की दे और आपके सभी सपने पूरे हों।

इस दौरान फेलोज ने कहा कि, दिल्ली सरकार ने हमें अनुभव प्राप्त करने का यह अच्छा अवसर दिया। हमें विभिन्न मंत्रियों के साथ काम करने का अवसर मिला और अपनी क्षमता से बाहर जाकर नए विचारों को प्रसार करने का भी मौका मिला। हमें एक लीडर की तरह चीजों को सीखने व समझने का मौका मिला।


इस दौरान प्रशासनिक सुधार परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत भी मौजूद रहे। उन्होंने फेलोज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप लोगों ने बहुत अच्छा योगदान दिया। दिल्ली सरकार की बहुत सी प्रमुख पॉलिसी के अंदर आप लोगों ने अलग-अलग स्तर पर जाकर काम किया है। आप लोगों ने अलग-अलग मंत्रियों के साथ मिलकर काम किया है। आप लोगों ने बहुत अच्छे से इन सब चीजों को हैंडल किया और इससे आप लोगों को बहुत कुछ सीखने को मिला।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)