शादी में आया अजीब मामला, फेरों के वक्त दुल्हन ने किया शादी से इंकार, बोली- मुझे दूल्हा नापसंद

  • Follow Newsd Hindi On  
शादी में आया अजीब मामला, फेरों के वक्त दुल्हन ने किया शादी से इंकार, बोली- मुझे दूल्हा नापसंद

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक अजीब मामला सामने आया है। दरअसल अभी शादियों का सीजन चल रहा है और यह खबर भी शादी से ही जुड़ी हुई है।

अक्सर इस तरह की खबरें आती रहती हैं के कभी नशेड़ी तो कभी अधिक उम्र वाले दूल्हे संग दुल्हन के शादी न करने, या फिर दहेज को लेकर आखिरी समय में शादी ना होने की बात सामने आती है। मगर यहां एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहां फेरों के वक्त दुल्हन ने यह कहते हुए शादी से इन्कार कर दिया कि उसे लड़का पसंद नहीं है। बिना किसी कारण लड़के को रिजेक्ट करने पर मामला थाने तक पहुंच गया। घंटों पंचायत हुई लेकिन लड़की राजी नहीं हुई। आखिर में बिना दुल्हन के ही बरात वापस लौट गई। दोनों पक्षों में एक-दूसरे को दिए सामान वापस करने पर समझौता हुआ और इसपर सहमति बनी।


उत्तर प्रदेश के बदायूं का है मामला

उत्तर प्रदेश के बदायू जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव कसेर में बुधवार रात एक लड़की की पस्तौर गांव से बरात आई थी। शाम को बरात आई, बरातियों का स्वागत सत्कार भी हुआ। धूमधाम के साथ जयमाला की रस्म पूरी हुईं। आधी रात में भोज के बाद वैवाहिक रस्में शुरू हो गईं। भोर में जब फेरे का वक्त आया तो दुल्हन ने अचानक शादी करने से इन्कार कर दिया। घर के कुछ लोग झपकी ले रहे थे तो कुछ लोग मंडप के पास थे। जैसे ही लड़की के शादी से इन्कार किया, पूरी महफिल में खलबली मच गई। परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने उसे समझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन सब बेअसर रहा। कुछ ही देर में बरातियों तक यह बात पहुंच गई कि लड़की ने शादी करने से मना कर दिया है। लड़की ने साफ कह दिया कि उसे लड़का पसंद नहीं है। जबकि दो दिन पहले ही लड़की को लड़का भी दिखाया गया था। सुबह मामला थाने तक पहुंच गया। थाने में भी घंटों पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं बनी। आखिर में दोनों पक्ष एक-दूसरे को दिए गए सामान वापस करने पर सहमत हुए और बारात बैरंग लौट गई।

दोनों पक्षों में हुआ समझौता

मामले पर कुंवरगांव एसओ सुधाकर सिंह ने बताया कि शादी के संबंध में लड़की की राय जानने का प्रयास किया तो उसने शादी से साफ इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)