उप्र में तेंदुए ने नाबालिग लड़के की ली जान

  • Follow Newsd Hindi On  

लखीमपुर खिरी, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा इलाके में दुधवा वन क्षेत्र के पास तेंदुए ने एक 13 वर्षीय लड़के को अपना शिकार बना डाला।

मृतक कक्षा 8 का छात्र था। रविवार को जब वह अपने पिता के लिए पास के खेत में दोपहर का भोजन ले जा रहा था, तभी तेंदुआ आ गया और उसे बंशीबेली गांव में खींच कर ले गया। आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग उसे बचाने पहुंचे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।


बाद में घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर उसका शव मिला।

पिछले दो सप्ताह में क्षेत्र में तेंदुए द्वारा हमला किए जाने और एक बच्चे की मौत की यह दूसरी घटना है।

क्षेत्र में एक वयस्क तेंदुए के पैरों के निशान का निरीक्षण करने के बाद, फॉरेस्ट रेंजर अनिल शाह और उनकी टीम ने कहा कि यह वही जानवर हो सकता है जिसने 13 सितंबर को चमरनपुरवा गांव में एक 12 वर्षीय लड़के को मार डाला था।


प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अनिल पटेल ने कहा, “पहले हमले वाले घटनास्थल पर दो पिंजरे रखे गए थे लेकिन तेंदुआ नहीं पकड़ा गया। हो सकता है कि उसने अपना ठिकाना बदल लिया हो।”

घागरा नदी के पास बसे दोनों गांव, चमरनपुरवा और बंसीबेली लगभग आठ किलोमीटर दूर हैं।

वन अधिकारियों को संदेह है कि तेंदुआ नदी के रास्ते से चला गया होगा।

डीएफओ ने कहा, “जैसा कि यह घटना वन क्षेत्र के बाहर हुई थी, लड़के का परिवार राज्य के आपदा अधिनियम के तहत मुआवजे का पात्र है। हम ऐसी और घटनाओं को रोकने के लिए तेंदुए की गतिविधि की निगरानी करेंगे।”

–आईएएनएस

वीएवी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)