उप्र : युवती के दुष्कर्म मामले में भाजपा विधायक को क्लीनचिट, भतीजा गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

 भदोही, 22 फरवरी (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के भदोही से भाजपा विधायक समेत सात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भतीजे संदीप तिवारी को मुख्य आरोपी माने हुए पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया और विधायक व उनके दो बेटों को क्लीनचिट दे दी है।

 पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामबदन सिंह ने पत्रकारों से बताया कि विवेचना के दौरान विधायक की संलिप्तता इस मामले में नहीं पाई गई। संदीप पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई हुई है।


करीब एक सप्ताह पहले वाराणसी की एक विधवा महिला ने भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, उनके बेटों और भतीजों पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। भदोही एसपी ने मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी थी।

शुरुआती जांच में भदोही के एक होटल के अभिलेख खंगाले गए थे। महिला थाने की पुलिस ने वाराणसी जाकर पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया था। महिला के साथ कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस ने उसकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

बीते सोमवार को भाजपा विधायक त्रिपाठी एवं उनके परिवार वालों पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला का पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने खुद बयान दर्ज किया था। महिला पहले ही कह चुकी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाएगी।


भदोही के एसपी ने बताया कि विधायक समेत अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें विधायक के भतीजे संदीप पर लगे आरोप सही पाए गए, लेकिन अन्य 6 लोगों पर लगे आरोप सही नहीं पाए गए।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)