UP: मौसम का कहर जारी, तेज आंधी के साथ हो सकती है बारिश, जानें अपने शहर का हाल

  • Follow Newsd Hindi On  
UP: मौसम का कहर जारी, तेज आंधी के साथ हो सकती है बारिश, जानें अपने शहर का हाल

देश के अलग-अलग हिस्सों में जारी बेमौसम बरसात के कारण अब तक 35 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है वहीं काफी संख्या में लोग घायल हुए है। बारिश और आंधी के कारण फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन भर 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी वहीं दूसरे दिन यानी 18 अप्रैल को 50-60 किलोमीटर की गति से हवाएं चलेगी। तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है।


पहाड़ों पर पहुंचे पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बनी चक्रवाती हवाओं के कारण मौसम ने तेजी से करवट बदली। सोमवार देर रात वेस्ट यूपी में तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। इससे कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। गेहूं और आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में में अंधड़ के साथ बारिश एवं ओलावृष्टि की आशंका जताई है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट होगी।

सोमवार रात से खराब हुआ मौसम मंगलवार को भी बिगड़ा रहा। दिनभर बादल छाए रहे। मेरठ में भी तेज आंधी और हल्की बारिश हुई, जिस कारण दिन के तापमान में 9.2 डिग्री और रात में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। आंधी से वेस्ट यूपी में गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है।
बिजनौर और सहारनपुर में बूंदाबांदी व आंधी चलने से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं गेहूं की फसल बिछ गई। आम व लीची की फसल में बौर को नुकसान पहुंचा है। बागपत में करीब 10 फीसदी गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका है। मुजफ्फरनगर में सोमवार रात आई आंधी से शहर और ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरी है। सुबह तक आंधी जारी रही।  शामली,  बुलंदशहर और हापुड़ में ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया।

क्यों हुआ ऐसा 


पश्चिमी विक्षोभ के कारण नेपाल से सटे उत्तरी इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ था। इधर दो दिन से धरती तप रही थी। अचानक नमी बढ़ने के कारण तेजी से बादल बने। ऊपरी लेयर में चल रही पश्चिमी हवा और नीचे चल रही पूर्वी हवा आपस में मिल गई। इस कारण तूफान की स्थिति बनी। उधर राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में पहले से ही ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ था। वहीं उत्तरी बिहार से मिजोरम तक बने ट्रफ लाइन के कारण एक साथ कई सिस्टम मिल गए।


मौसम का कहर: अब तक 35 की मौत, विभाग का अलर्ट, अगले चार दिनों तक आंधी-तूफान की आशंका

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)