विष्णु हरि डालमियां का निधन हिंदू समाज के लिए अपूरणीय क्षति : विहिप

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)| विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने अपने पूर्व अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया के निधन को संपूर्ण हिंदू समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। डालमिया का लंबी बीमारी के बाद यहां बुधवार सुबह उनके निवास पर निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। विहिप के अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे ने जारी एक शोक संदेश में कहा है, “विष्ण हरि डालमिया का निधन सिर्फ विहिप के लिए ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण हिन्दू समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। डालमियां सरलता, सक्रियता, सौम्यता व ²ढ़ता के संगम थे। वह विश्व हिन्दू परिषद से एक लम्बे कालखंड तक जुड़े रहे। हर मुद्दे पर उनके सम्वेदनशील विचार मस्तिष्क को झकझोर देते थे।”

कोकजे ने कहा, “1979 में प्रयागराज में द्वितीय विश्व हिन्दू सम्मेलन के स्वागताध्यक्ष के रूप में जुड़े देश के ये प्रसिद्द उद्योगपति विहिप के उपाध्यक्ष, कार्याध्यक्ष व अध्यक्ष के रूप में वर्ष 2005 तक जुड़े रहे। वह 1992 से 2005 तक उदयपुर के महाराणा के बाद विहिप के चतुर्थ अध्यक्ष बने थे।”


विहिप अध्यक्ष ने कहा है, “वह एक महान गौभक्त, दानदाता के साथ ही श्री कृष्ण जन्माष्टमी सेवा संस्थान, मथुरा के उपाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि न्यास के प्रन्यासी तथा विहिप के संरक्षक व आजीवन प्रन्यासी थे। राम जन्मभूमि के सन्दर्भ में हुईं विविध वार्ताओं में उनकी सक्रिय भूमिका थी। वह राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर की अधूरी इच्छा लिए चले गए। उनके इस अधूरे सपने को पूरा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी, 1928 को राजस्थान के झुंझुनू जिले के चिडावा में जन्मे डालमिया उद्योग-व्यापार जगत की अनेक प्रमुख कंपनियों, संस्थाओं, संगठनों तथा आयात निर्यात बैंक, चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जैसी संस्थाओं में विविध पदों पर रहे।

डालमिया को पिछले महीने यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और 13 जनवरी को उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था। बुधवार सुबह उन्होंने अपने गोल्फ लिंक स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)