नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को होगा। प्रदेश में इसी दिन विधानसभा चुनाव होने हैं। सतारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद उदयनराजे भोंसले इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इस वजह से यहाँ उपचुनाव कराए जाएंगे।
बता दें, चुनाव आयोग ने बीते शनिवार को महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया था। इसके अलावा 18 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की थी। उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों में 15 सीटें कर्नाटक और 11सीटें उत्तर प्रदेश की हैं। इन सभी सीटों के लिए मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया था कि कर्नाटक में जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे उनमें वे सीटें भी शामिल हैं जहां के विधायकों को हाल में अयोग्य करार दिया गया है। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में अधिकतर वे हैं जहां के विधायकों ने लोकसभा चुनाव जीतने के कारण इस्तीफा दिया है। समस्तीपुर सीट लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और सांसद राम चंद्र पासवान के जुलाई में हुए निधन से खाली हुई है।