नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) भी चुनावी मौसम में दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगाने में जुट गई है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी मुखिया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस पहल के जरिए भाजपा जवाब दे रही है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शनिवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से लगे सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया।
इस दौरान पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले समुदाय भवन का शिलान्यास भी उन्होंने किया। इससे पूर्व अक्टूबर में मनोज तिवारी ने अपनी सांसद निधि से भजनपुरा वार्ड में 60 लाख रुपये की लागत से कैमरे लगवाए थे।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने तिमारपुर में जनता से कहा कि भाजपा ही दिल्ली का विकास करने में सक्षम है। आम आदमी पार्टी जनता का पैसा विज्ञापनों पर बहा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता केजरीवाल के बहकावे में नहीं आने वाली है।