केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई और बिहार के समस्तीपुर से सांसद रामचंद्र पासवान का निधन हो गया। रविवार की दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। वह बीते कुछ दिनों से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें 11 जुलाई को दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद से ही उनका राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था.
रामचंद्र पासवान का पार्थिव शरीर राम मनोहर लोहिया अस्पताल से उनके दिल्ली आवास राजेन्द्र प्रसाद रोड ले जाया जाएगा। जिसके बाद कल पटना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। चिराग पासवान ने अपने चाचा रामचंद्र पासवान के निधन की जानकारी दी।
आज शाम 5 बजे से चाचा जी स्वर्गीय रामचंद्र पासवान जी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास 18 राजेंद्र प्रसाद रोड नई दिल्ली पर रखा जाएगा।कल सुबह 11 बजे से 3 बजे तक पटना में लोक जनशक्ति पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।शाम 4 बजे दाह संस्कार पटना में होगा। https://t.co/GG9MEAPotn
— Chirag Paswan (@ichiragpaswan) July 21, 2019
गौरतलब है कि लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान ने दिल्ली स्थित आवास पर सीने में दर्द की शिकायत की थी। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती करने के बाद परिवार के एक सदस्य ने जानकारी दी थी कि डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। जिसके अस्पताल में उन्हें वेटिलेटर पर रखा गया था। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना था।
1999 में पहली बार बने थे सांसद
रामचंद्र पासवान लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के छोटे भाई थे। वह समस्तीपुर से सांसद भी थे। लोकसभा चुनाव 2019 में समस्तीपुर से उन्होंने दूसरी बार जीत दर्ज की थी। 57 साल के रामचंद्र पासवान पहली बार 1999 में रोसड़ा से सांसद बने थे। उसके बाद दूसरी बार भी वह 2004 में रोसड़ा से ही सांसद बने। जबकि 2014 और 2019 में समस्तीपुर से रामचंद्र पासवान सांसद बने।