आईएसएल-5 : जीत के साथ बेंगलुरू फिर से शीर्ष पर

  • Follow Newsd Hindi On  
आईएसएल-5 : जीत के साथ बेंगलुरू फिर से शीर्ष पर

बेंगलुरू,  पिछले मैच में मुंबई सिटी एफसी के हाथों हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन की पहली हार झेलने के बाद बेंगलुरू एफसी एक बार फिर विजयी रास्ते पर लौट आई है।

बेंगलुरू ने बुधवार को श्री कांतीरावा स्टेडियम में खेले गए मैच में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलुरू ने फिर से शीर्ष स्थान पर वापसी कर ली है। इस मैच के बाद उसके 13 मैचों में नौ जीत, तीन ड्रॉ और एक हार के साथ ही 30 अंक हो गए हैं।


वहीं, मुंबई का यह 14वां मैच था। यह उसकी इस सीजन की तीसरी हार है। मुंबई के खाते में आठ जीत और तीन ड्रॉ हैं। वह 27 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

बेंगुलरू ने मैच के शुरुआती मिनटों में कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। नौवें मिनट में बेंगलुरू के कीन लेविस तेजी से बॉक्स के अंदर पहुंचे लेकिन रिडीम थ्लांग ने उन्हें गिरा दिया। बेंगलुरू ने पेनाल्टी की मांग की लेकिन रेफरी ने उसे नकार दिया।

बेंगलुरू ने 14वें मिनट में एक अच्छा अटैक किया। इस अटैक पर घबराकर नार्थईस्ट के खिलाड़ी मिस्लाव कोर्मोस्की गेंद को क्लीयर करने के प्रयास में आत्मघाती गोल खा बैठे और इस तरह बेंगलुरू की टीम 1-0 से आगे हो गई।


बेंगलुरू और भारत के कप्तान सुनील छेत्री ने 21वें मिनट में अपनी टीम को 2-0 से आगे करने का एक अच्छा मौका गंवा दिया। गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू द्वारा लिए गए लांग किक को अपने वश में करने के बाद वह उदांता सिंह के सही जगह पहुंचने का इंतजार कर रहे थे लेकिन तभी कोर्मोस्की ने आकर गेंद क्लीयर कर दी।

मेहमान टीम ने 26वें मिनट में एक अच्छा मूव बनाया लेकिन रिडीम थ्लांग के प्रयास को रीनो अंटो ने नाकाम कर दिया। इस पर नार्थईस्ट को कॉर्नर मिला लेकिन गुरप्रीत ने पंच कर दिया।

इसी तरह मेहमान टीम के कप्तान बार्थोलोमेव ओग्बेचे और रीगन ने 28वें मिनट में अच्छा मूव बनाया। ओग्बेचे ने अल्बर्ट सेरान को छका दिया लेकिन वह संधू के ऊपर से गेंद मार बैठे। 28वें मिनट में नार्थईस्ट के मातो गेरिक को पीला कार्ड मिला।

बेंगलुरू ने 33वें, 37वें और 40वें मिनट में भी बढ़त हासिल करने का एक बेहतरीन मौका गंवा बैठी।

दूसरे हाफ में 54वें मिनट में नार्थईस्ट को एक बदलाव करना पड़ा। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मिसलाव कोमोरोस्की को मैदान से बाहर जाना पड़ा। उनके स्थान पर पानागियोइटिस त्रियाडिस अंदर आए।

इसके छह मिनट बाद फेडरिको गालेघो ने नार्थईस्ट को बराबरी पर ला दिया। उन्होंने यह गोल रोबर्ट लालथ्लामुआना की मदद से 60वें मिनट में किया। यह गालेघो का इस सीजन का चौथा गोल था।

दो मिनट बाद गुरप्रीत सिंह ने नार्थईस्ट को बढ़त दोगुनी करने से रोक दिया। इस बार गोल करने का प्रयास नार्थईस्ट के दिग्गज खिलाड़ी ओग्बेचे ने किया था। लेकिन संधू ने मेहमान टीम को दूसरा गोल नहीं करने दिया।

71वें मिनट में चेंचो गेलेटशेन ने गोल कर मेजबान बेंगलुरू को 2-1 से जीत दिला दी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)