आगजनी के आरोप में भीम आर्मी प्रमुख सहित 20 गिरफ्तार (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)| राष्ट्रीय राजधानी में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ के लिए पुलिस ने शनिवार को भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को गिरफ्तार कर लिया।

 इसके अलावा शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल होने के लिए बीस अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार किया गया था।


एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने कहा, “हमने आगजनी, तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद समेत 21 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। आजाद भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे।”

पुलिस ने सीलमपुर में हिंसा के लिए पांच और दिल्ली गेट के पास पुरानी दिल्ली से 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।

भीम आर्मी का विरोध शुक्रवार की नमाज के बाद दोपहर एक बजे के बाद शुरू हुआ था। जामा मस्जिद में चल रहे विरोध प्रदर्शन में आजाद ने भी हिस्सा लिया था। हालांकि जब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, तो वह अपने समर्थकों के बीच ओझल हो गए। इसके बाद उनका और पुलिस का आपस में लुका-छिपी का खेल चलता रहा। अब पुलिस ने आखिरकार आजाद को गिरफ्तार कर लिया है।


शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए भीम आर्मी प्रमुख ने कहा था, “पुलिस सुबह से हमला कर रही है। हमने उन पर हमला नहीं किया है। मेरे पास यह साबित करने के लिए सबूत है कि आरएसएस ने हमारे खिलाफ इस हमले की योजना बनाई है। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रख रहे हैं।”

पुलिस ने कहा कि आजाद भीड़ को उकसा रहे हैं और वह गैरकानूनी तरीके से सभाएं कर रहे हैं, और भीड़ बाद में आगजनी और तोड़फोड़ में लिप्त हो जाती है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)