अमरिंदर ने सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार किया, ऊर्जा विभाग का प्रभार संभाला (लीड-2)

  • Follow Newsd Hindi On  

 चंडीगढ़, 20 जुलाई (आईएएनएस)| पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को ऊर्जा मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

 एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा कि मुख्यमंत्री ने इसके बाद औपचारिक स्वीकृति के लिए उनका इस्तीफा राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनोर के पास भेज दिया। उन्होंने भी इसे स्वीकार कर लिया।


मुख्यमंत्री को इस्तीफा भेजने के कुछ ही घंटों के बाद राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली से आने के बाद से अस्वस्थ होने के कारण अमरिंदर सिंह ने शनिवार सुबह सिद्धू का इस्तीफा देखा।

प्रवक्ता ने कहा कि एक वाक्य के इस्तीफे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया था।


सिद्धू ने अपना इस्तीफा कथित रूप से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दिया था और इसकी जानकारी लगभग एक महीने के बाद ट्वीट के माध्यम से दी थी।

इसके बाद उन्होंने ट्वीट किया कि वे अपना औपचारिक इस्तीफा मुख्यमंत्री को भेजेंगे। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनावों के बाद मंत्रिमंडलीय फेरबदल में उन्हें ऊर्जा मंत्रालय दिया था।

मुख्यमंत्री से मतभेद के बाद सिद्धू ने मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद मिले ऊर्जा एवं नई तथा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री के पद का प्रभार ग्रहण नहीं किया था और 14 जुलाई को औपचारिक रूप से पद से इस्तीफा दे दिया था।

अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अगर सिद्धू अपना काम नहीं करना चाहते तो वे इस बारे में कुछ नहीं कर सकते।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)