बाबरी मस्जिद पर प्रज्ञा ठाकुर का विवादित बयान, कहा- ढांचे को तोड़कर देश का कलंक मिटाया

  • Follow Newsd Hindi On  
बाबरी मस्जिद पर प्रज्ञा ठाकुर का विवादित बयान, कहा- ढांचे को तोड़कर देश का कलंक मिटाया

मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार बनाए जाने के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक और विवादित बयान दिया है। उनका कहना है कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने पर उन्हें गर्व है।

ठाकुर ने एक टीवी चैनल से रविवार को कहा, “बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने का अफसोस नहीं है, ढांचा गिराने पर तो हम गर्व करते हैं। हमारे प्रभु रामजी के मंदिर पर अपशिष्ट पदार्थ थे, उनको हमने हटा दिया।”


प्रज्ञा ठाकुर ने आगे कहा, “हम गर्व करते हैं, इस पर हमारा स्वाभिमान जागा है, प्रभु राम जी का भव्य मंदिर भी बनाएंगे। ढांचा तोड़कर हिंदुओं के स्वाभिमान को जागृत किया है। देश का कलंक मिटाया है। वहां भव्य मंदिर बनाकर भगवान की आराधना करेंगे, आनंद पाएंगे।”

ज्ञात हो कि,  साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के सामने चुनाव लड़ रही हैं। साध्वी प्रज्ञा पर आतंक के गंभीर इल्जाम लग चुके हैं, जिसके लिए उन्हें जेल में लंबी सजा काटनी पड़ी है। प्रज्ञा ने इससे पहले मुंबई के एटीएस प्रमुख रहे और आतंकवादियों की गोली से शहीद हुए हेमंत करकरे पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने करकरे की शहादत पर सवाल उठाते हुए उन्हें श्राप देने तक की बात कही थी। मामले के तूल पकड़ने पर उन्होंने बयान वापस लेते हुए माफी भी मांग ली थी।

29 सितम्बर, 2008 को मालेगांव में हुए बम धमाकों के मामले में प्रज्ञा आरोपी हैं और तकरीबन 9 साल जेल में रही हैं। इस बहुचर्चित मामले में वह इन दिनों जमानत पर हैं। मालेगांव बम धमाकों के मामले में पहले महाराष्ट्र एटीएस ने जांच की थी। बाद में जांच नेशनल इन्विस्टिगेशन एजेंसी को सौंप दी गई। नेशनल इन्विस्टिगेशन एजेंसी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ तमाम आरोपों को हटा लिया, लेकिन कोर्ट ने एजेंसी के दावे को मानने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सहित 6 लोगों के खिलाफ आरोप तय कर दिए।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)