बिहार : डायन बताकर 2 वृद्धाओं की हत्या, 5 गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंगेर, 1 मार्च (आईएएनएस)| बिहार के मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र में अंधविश्वासी लोगों ने दो बुजुर्ग महिलाओं की पीट-पीटकर हत्या कर दी और दोनों के शवों को दफना दिया। पुलिस ने शुक्रवार को मिट्टी खोदकर दोनों शव बरामद कर लिए। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गोपालीचक गांव की रहने वाले मुंशी मांझी की मां 70 वर्षीय कपूरवा देवी और गोपी मांझी की मां 65 वर्षीय प्रमिला देवी की गांव के ही कुछ लोगों ने 24 फरवरी की रात पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतकाओं के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही साधो मांझी का बेटा मनीष कुछ दिनों से बीमार था। उसका इलाज कराया गया, लेकिन 24 फरवरी को उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने मनीष की मौत का कारण ‘जादू-टोना’ बताकर इन दोनों महिलाओं पर डायन होने का आरोप लगाया। आरोप है कि मनीष के परिजनों ने उसी रात कपूरवा देवी और प्रमिला देवी को घर से जबरन निकालकर उनकी बर्बरतापूर्ण तरीके से पिटाई की, जिससे दोनों की मौत हो गई।


लड़ैयाटांड के थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को मुंशी मांझी और सोनू मांझी के लिखित बयान पर दोहरी हत्या की प्राथमिकी लडैयाटांड थाना में दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दफनाए गए दोनों शवों को गांव के ही समीप पथरी पहाड़ी के तराई क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है तथा पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)