बिहार में घर से मिले मां और 2 बच्चों के शव

  • Follow Newsd Hindi On  

मोतिहारी, 21 फरवरी (आईएएनएस)| बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के एक घर से शुक्रवार को पुलिस ने तीन शव बरामद किए हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि घर में ही मां और दो बच्चों की हत्या कर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हरहरपुर किशुनी गांव निवासी मोहम्मद नूर आलम सउदी अरब में काम करता है। नूर आलम की पत्नी रूखसाना और उसक दो बच्चें घर पर रहते थे। गुरुवार की रात रूखसाना का पति लगातार फोन कर रहा था, लेकिन कोई फोन रिसिव नहीं कर रहा था। इसके बाद नूर आलम ने रूखसाना के भाई को इसकी जानकारी दी। रूखसाना का भाई जब अपनी बहन के घर आया, तब उसने तीनों शवों को एक कमरे में पड़ा देखा।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने शुक्रवार को बताया, “डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम बुलाई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।”


उन्होंने कहा कि रूखसाना के सिर पर चोट के निशान हैं, जबकि उसके बेटे मोहम्मद मासूम और पुत्री शबाना की गला दबाकर हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। झा ने बताया कि पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)