बिहार : मोकामा आवासगृह की लड़कियां मुख्यद्वार से भागी थीं : पुलिस

  • Follow Newsd Hindi On  

 पटना, 25 फरवरी (आईएएनएस)| बिहार के पटना जिले के मोकामा बालिका आवासगृह से शुक्रवार की रात फरार सात लड़कियों में से छह लड़कियां बरामद कर ली गई हैं।

 बरामद लड़कियों से पूछताछ और अब तक हुई जांच के बाद इस बात के प्रमाण मिले हैं कि लड़कियां खिड़की की ग्रिल काटकर नहीं, बल्कि मुख्यद्वार से निकली थीं। बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने भी सोमवार को ऐसे ही संकेत दिए। उन्होंने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “कुछ जांच रिपोर्ट आए हैं परंतु पढ़ा नहीं है। लेकिन, मुझे जो बताया गया है उसके मुताबिक, आवासगृह की लड़कियां खिड़की के ग्रिल काटकर नहीं, बल्कि मुख्यद्वार से निकली थीं।”


उन्होंने कहा कि ऐसे में लगता है कि उन्हें भगाया गया था। उन्होंने आगे कहा कि मामले की जांच करने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, एफएसएल की टीम आवासगृह गई थी और सभी की एक ही राय है।

उन्होंने कहा कि पूरी रिपोर्ट समाज कल्याण विभाग को दे दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पटना जिले के मोकामा स्थित एक बालिका आवासगृह से शुक्रवार रात सात लड़कियां फरार हो गई थीं। बाद में इनमें से छह को दरभंगा के एक गांव से बरामद कर लिया गया था। फरार एक लड़की का अभी तक पता नहीं चल सका है।


उस समय यह बताया गया था कि लड़कियां आवासगृह के पीछे एक खिड़की का ग्रिल काटकर फरार हुई हैं।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)