बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय बनेंगे मंत्री, ABVP से शुरू किया था राजनीतिक सफर

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय बनेंगे मंत्री, ABVP से शुरू किया था राजनीतिक सफर

बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय मोदी के मंत्रिपरिषद का हिस्सा बनने जा रहे हैं। नित्यानंद राय अमित शाह के बेहद करीबी माने जाते हैं। उन्हें भाजपा ने वर्ष 2016 में बिहार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। नित्यानंद राय ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गुटों में बंटी बिहार भाजपा को एकजुट कर एक मंच पर ला खड़ा कर दिया और इस चुनाव में एकतरफा जीत दिलाकर अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया है।

बिहार में भाजपा ने वर्ष 2016 में प्रदेश का अध्यक्ष बदलने का फैसला लिया तो विधायकों से लेकर सांसदों तक कई नामों की चर्चा हुई, लेकिन अमित शाह के मापदंडों पर सिर्फ नित्यानंद राय ही खरे उतर पाए और उन्होंने युवा नेता राय को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंप दी।


1981 में ABVP से शुरु किया था राजनीतिक सफर

नित्यानंद राय छात्र जीवन से ही राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे। नित्यानंद राय के राजनैतिक सफर की शुरुआत 1981 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ता के रूप में हुई। 1990 की शुरुआत तक संघ से पदमुक्त होकर वे सीधे बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव बनाए गए और 1995-96 में युवा मोर्चा के महासचिव और फिर 1999 में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने।

2019 के चुनाव में रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को हराया

नित्यानंद राय ने पहली बार में ही 2000 के विधानसभा चुनाव में हाजीपुर सीट से जीत हासिल की और लगातार चार विधानसभा चुनाव जीता। 2015 के विपरीत माहौल में भी पार्टी ने यह सीट जीती। फिर राय 2014 के लोकसभा चुनाव में उजियारपुर लोकसभा सीट से सांसद बने और इस बार 2019 लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को बड़े अंतर से इसी सीट से पराजित किया है।

2016 में बने बिहार भाजपा के अध्यक्ष

इन सफलताओं ने नित्यानंद राय का कद काफी बड़ा कर दिया। 52 वर्ष के हो चुके राय के करियर में तब अहम मोड़ आया जब 30 नवंबर, 2016 को तड़के भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव रामलाल का फोन आया और उन्हें बिहार में भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)