बिहार: राजद के इफ्तार पार्टी में पहली बार BJP को दावत, निमंत्रण पत्र से तेजस्वी- तेजप्रताप का नाम गायब

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: राजद के इफ्तार पार्टी में पहली बार BJP को दावत, निमंत्रण पत्र से तेजस्वी- तेजप्रताप का नाम गायब

रमजान का महीना समाप्त होने को है वहीं ईद के नजदीक आते ही नेताओं के घर भी दावत-ए-इफ्तार का आयोजन शुरू हो गया है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व राजद नेता राबड़ी देवी ने 2 जून को दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया है।

बिहार विधान परिषद में विरोधी दल की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के द्वारा 2 जून को दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर लोगों और राजनीतिक दलों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता भी शामिल हैं। मगर खास बात यह है कि यह पहला मौका है जब राजद ने इफ्तार पार्टी में शामिल होने के लिए अपने धुर राजनीतिक विरोधी सियासी दलों को भी निमंत्रण भेजा है।


यह आयोजन पटना स्थित उनके सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड पर होने जा रहा है। राबड़ी देवी की तरफ से भाजपा के बड़े नेताओं को भी इफ्तार में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है।

राजद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी इफ्तार में शामिल होने के लिए ट्वीट किया गया है।


निमंत्रण पत्र पर तेजस्वी-तेजप्रताप का नाम नहीं

वहीं निमंत्रण पत्र पर नेता विरोधी दल विधानसभा, तेजस्वी यादव और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव का नाम नहीं है। जबकि साल 2018 का निमंत्रण पत्र नेता विरोधी दल विधान परिषद राबड़ी, नेता विरोधी दल विधानसभा तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव सदस्य बिहार विधानसभा की तरफ से जारी किया गया था।

निमंत्रण से भाजपा उत्साहित

वहीं, राजद में हुए बदलाव को लेकर भाजपा के नेता भी खासे उत्साहित हैं। भाजपा प्रवक्ता अजीत चौधरी को भी इफ्तार पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण आया है। अजीत चौधरी ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का असर दिख रहा है। भाजपा का असर राजद में भी दिखने लगा है। पार्टी का संस्कार और संस्कृति बदल रही है। इसे अच्छा संकेत माना जा सकता है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)