बलूचिस्तान में युवाओं के शव मिलना बेहद गंभीर स्थिति का सबूत : बलूच पार्टी

  • Follow Newsd Hindi On  

क्वेटा, 31 जुलाई (आईएएनएस)| पाकिस्तान के सूबे बलूचिस्तान में मियांघुंडी इलाके में पांच युवाओं के शव मिलने पर बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) ने गहरा दुख और क्षोभ व्यक्त करते हुए न्यायपालिका, मानवाधिकार संगठनों, राजनैतिक दलों और सिविल सोसाइटी से इसका संज्ञान लेने और इसके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया है। अखबार जंग की रिपोर्ट के अनुसार, बीएनपी नेताओं ने कहा कि बलूचिस्तान में दिल को दहला देने वाली ऐसी घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। पार्टी नेताओं ने मारे गए लोगों में से दो छात्रों मोहम्मद मुदस्सर करदावर और अब्दुल रज्जाक बंगलगई के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना जताई।

पार्टी नेताओं ने कहा कि जिन नौजवानों के शव मिले हैं, उनकी उम्र महज 14 से 20 साल के बीच है। इन्हें दोस्ती का झांसा देकर बेदर्दी से कत्ल किया गया। यह घटनाएं बलूचिस्तान की सियासी स्थिति पर गंभीर सवालिया निशान लगाती हैं।


उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान में एक सोची समझी योजना के तहत ऐसे घिनौने हथकंडों के जरिए निहत्थे व बेगुनाह युवाओं की बर्बक तरीके से हत्या की जा रही है। इससे प्रांत में भय का माहौल और जोर पकड़ रहा है।

बलूचिस्तान, पाकिस्तान का अशांत प्रांत है जहां हथियारबंद संगठन सक्रिय हैं और जिनमें से कुछ बलूचिस्तान की पाकिस्तान से आजादी की मांग कर रहे हैं।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)