चीन की ओर से जारी गलवान के वीडियो में दिखी भारतीय सेना के कप्तान की बहादुरी

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। चीन ने पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में चीनी सैनिकों की मौत का सच स्वीकार करने के बाद इस घटना का एक वीडियो भी जारी किया है। यह वीडियो एक भारतीय सेना के अधिकारी की बहादुरी को भी प्रदर्शित करता है।

बिहार रेजिमेंट के अधिकारी, जो मणिपुर के सेनापति जिले से संबंध रखते हैं और जिन्हें 2018 में कमीशन प्राप्त हुआ था, उन्हें चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के खिलाफ टकराव के दौरान गालवान घाटी में सामने से अपने लोगों का नेतृत्व करते देखा गया है। वह भारतीय सेना में कैप्टन हैं।


कैप्टन का नाम भारतीय सेना के अनुरोध पर उजागर नहीं किया जा रहा है।

वीडियो में भारतीय सैन्य अधिकारी की बहादुरी साफ तौर पर झलक रही है और वह भारतीय इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए चीनी पीएलए की ओर निहत्थे चलते देखे जा रहे हैं। भारत ने इस खूनी संघर्ष में 20 सैनिकों को खो दिया था।

चीन ने शुक्रवार को यह वीडियो गलवान घाटी में हुई झड़पों के दौरान भारत की आक्रामकता का चित्रण करने के लिए जारी किया था। चीन वीडियो के जरिए उल्टा भारत पर ही आक्रामक होने का आरोप लगा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मो पर वायरल हुआ है।


चीन ने पहली बार स्वीकार किया है कि इस झड़प में उसके चार जवानों की मौत हो गई। इसके बाद उसने यह वीडियो भी जारी किया है, जिसमें दोनों देशों की सेना के जवानों को आमने-सामने देखा गया है।

वीडियो वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव को कम करने के लिए सैन्य कमांडरों की बैठक से एक दिन पहले सामने आया। भारत और चीन के बीच दसवीं कोर कमांडर बैठक शनिवार को सुबह 10 बजे शुरू हुई।

भारतीय सेना ने अभी चीन द्वारा जारी संघर्ष के वीडियो पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर दस महीने से गतिरोध कायम है। हालांकि 10 फरवरी को पैंगोंग झील के उत्तर और दक्षिणी तट पर सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया शुरू हुई है, जो कि गतिरोध कम होने का एक संकेत भी है।

–आईएएनएस

एकेके/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)